चंबा: कछुए की चाल छोड़ अब ‘रफ्तार’ में इनडोर स्टेडियम का निर्माण, खिलाड़ियों में जगी उम्मीद

चंबा : (जितेंद्र मेहरा) जिला मुख्यालय चंबा के ऐतिहासिक पुलिस ग्राउंड बारगाह में निर्माणाधीन इनडोर स्टेडियम का काम अब कछुए की चाल छोड़कर रफ्तार पकड़ने लगा है। पिछले लंबे समय से सुस्त गति से चल रहे निर्माण कार्य के कारण जहां स्थानीय लोगों और खेल प्रेमियों में भारी रोष देखने को मिल रहा था, वहीं अब कार्य में आई तेजी ने युवाओं के चेहरों पर मुस्कान लौटा दी है।

लंबे इंतजार के बाद काम में आई तेजी
बताते चलें कि इस स्टेडियम का काम पिछले काफी समय से अधर में लटका हुआ था। निर्माण की धीमी गति को देखते हुए स्थानीय लोगों के दिलों में गुस्सा उबाल मार रहा था। लोगों को डर था कि कहीं यह प्रोजेक्ट फाइलों में ही न दब जाए। हालांकि, अब देरी के बाद जब काम ने गति पकड़ी है, तो चंबा के खेल जगत में नई उम्मीद जगी है। खेल प्रेमियों का मानना है कि स्टेडियम तैयार होने के बाद जिला के युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने के लिए भटकना नहीं पड़ेगा।

युद्धस्तर पर जारी है कार्य: जिला खेल अधिकारी इस संबंध में जानकारी देते हुए जिला युवा सेवाएं एवं खेल अधिकारी रूपेश कुमार ने बताया कि इनडोर स्टेडियम का निर्माण कार्य अब युद्धस्तर पर चल रहा है। उन्होंने कहा कि विभाग और प्रशासन की प्राथमिकता इसे जल्द से जल्द पूरा कर खिलाड़ियों को सौंपने की है।
“स्टेडियम का कार्य तेजी से चल रहा है। इसके पूर्ण होने के बाद चंबा के युवाओं को इनडोर खेलों के लिए आधुनिक सुविधाएं और बेहतरीन संसाधन एक ही छत के नीचे मिलेंगे। यह प्रोजेक्ट चंबा के खेल भविष्य के लिए मील का पत्थर साबित होगा।” > — रूपेश कुमार, जिला युवा सेवाएं एवं खेल अधिकारी









