मोहाली: स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी, PM मोदी और अमित शाह पर भी निशाने का दावा

मोहाली के प्रमुख स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से बुधवार सुबह हड़कंप मच गया। एक ई-मेल के जरिए भेजी गई इस धमकी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को भी निशाना बनाने की बात कही गई है।
ई-मेल में क्या है धमकी?
प्राप्त ई-मेल में बेहद आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करते हुए लिखा गया है, “पंजाब हुण खालिस्तान। बम ब्लास्ट @1.11 पी.एम.। मोहाली स्कूलां और कॉलेजां विच होवेगा। भांड मान-बेअंत वांग ह्यूमन बम नाल उडेगा।”
धमकी देने वालों ने खुद को ‘खालिस्तान नेशनल आर्मी’ से जुड़ा बताया है। ई-मेल में आगे लिखा गया है, “13 फरवरी @2:11 पी.एम. नू बम चलेगा दिल्ली हिंदुस्तानी संसद विच, निशाना मोदी-शाह।” ई-मेल के अंत में इंजीनियर गुरांख सिंह और रुकां साहवला के नाम लिखे हैं।

प्रशासनिक सतर्कता और सर्च ऑपरेशन
धमकी की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में पुलिस टीमें, एंटी-सबोटाज टीमें और बम डिस्पोजल स्क्वॉयड को अलग-अलग स्कूलों में भेजा गया।
मोहाली के एस.एस.पी. हरमनदीप सिंह हंस ने बताया, “सुबह 7:30 से 8:00 बजे के बीच स्कूलों को ये ई-मेल मिले थे। एहतियात के तौर पर स्कूलों को तुरंत खाली करा लिया गया और सर्च ऑपरेशन चलाया गया। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों की कड़ी मशक्कत के बाद, किसी भी स्कूल में कोई विस्फोटक सामग्री या संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है।”

साइबर सेल को जांच सौंपी
पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच साइबर पुलिस स्टेशन, फेज-7 मोहाली को सौंप दी है। पुलिस ई-मेल के स्रोत और इसे भेजने वालों की पहचान करने के लिए तकनीकी जांच में जुटी है।
फिलहाल, पुलिस ने अभिभावकों और आम जनता से अपील की है कि वे डरें नहीं और शांति बनाए रखें। पुलिस प्रशासन हाई अलर्ट पर है।








