15 हजार की रिश्वत लेते ASI रंगे हाथों गिरफ्तार, विजिलेंस ब्यूरो की बड़ी कार्रवाई

मोहाली: पंजाब में भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रही विशेष मुहिम के तहत विजिलेंस ब्यूरो ने एक बार फिर बड़ी सफलता हासिल की है। विजिलेंस टीम ने खरड़ थाना सदर में तैनात सहायक सब-इंस्पैक्टर (ASI) जसवीर सिंह को 15,000 रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
मारपीट के मामले में मांगी थी रिश्वत
राज्य विजिलेंस ब्यूरो के प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि यह गिरफ्तारी सैक्टर 127, मोहाली के एक निवासी द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर की गई है।
- मामला: शिकायतकर्ता ने थाना खरड़ में सुमन लता के खिलाफ मारपीट का मामला दर्ज करवाया था।
- रिश्वत की मांग: इस मामले की जांच कर रहे ASI जसवीर सिंह ने सक्षम अदालत में चालान पेश करने के बदले शिकायतकर्ता से 20,000 रुपए की रिश्वत मांगी थी।
- सबूत: शिकायतकर्ता ने रिश्वत मांगने संबंधी बातचीत को रिकॉर्ड कर लिया था।

टीम ने बिछाया जाल
शिकायत मिलने के बाद विजिलेंस ब्यूरो ने मामले की प्रारंभिक जांच की। इसके बाद एक टीम का गठन किया गया और जाल बिछाया गया।
”आरोपी ए.एस.आई. को दो सरकारी गवाहों की मौजूदगी में शिकायतकर्ता से 15,000 रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया।”

मुलजिम के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण कानून के तहत विजिलेंस ब्यूरो के थाना मोहाली में मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है।








