मोंटेसरी कैम्ब्रिज स्कूल में विदाई समारोह ‘सौभाग्य’ की धूम: सुरों और ताल के बीच नम आंखों से दी विदाई

पठानकोट: मोंटेसरी कैम्ब्रिज स्कूल के प्रांगण में सेशन 2025–26 के पास आउट होने वाले विद्यार्थियों के सम्मान में एक भव्य विदाई समारोह ‘सौभाग्य’ का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम पुरानी यादों को समेटने और भविष्य की नई उम्मीदों को पंख देने का एक अनूठा संगम रहा। समारोह में स्कूल के चेयरमैन श्रीमती एवं श्री विनोद महाजन, वाइस चेयरमैन श्रीमती एवं श्री आकाश महाजन तथा प्रिंसिपल/डायरेक्टर श्रीमती रश्मि आहलुवालिया ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत कर विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया।

रंगारंग प्रस्तुतियों से बांधा समां
कार्यक्रम का आगाज दिल को छू लेने वाली एंकरिंग के साथ हुआ। स्कूल के विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए वेस्टर्न डांस, सुरीले गीतों और जोश से भरे भांगड़ा की प्रस्तुति दी, जिस पर दर्शक झूमने को मजबूर हो गए। म्यूजिकल चेयर्स जैसी मनोरंजक गतिविधियों ने समारोह में हंसी और उमंग के रंग भर दिए।
रैंप वॉक और टाइटल की रही चर्चा
शाम का मुख्य आकर्षण ग्रेसफुल रैंप वॉक रहा, जहाँ छात्र-छात्राओं ने आत्मविश्वास और एलिगेंस के साथ अपनी पहचान पेश की। फाइनलिस्ट्स के लिए आयोजित सवाल-जवाब राउंड में छात्रों की हाजिरजवाबी और कम्युनिकेशन स्किल्स ने सभी को प्रभावित किया। विजेताओं को आकर्षक सैशे पहनाकर सम्मानित किया गया, जो उनकी मेहनत और व्यक्तित्व का प्रतीक बने।

प्रिंसिपल का संदेश: “मूल्यों को साथ लेकर चलें”
छात्रों को विदाई देते हुए प्रिंसिपल श्रीमती रश्मि आहलुवालिया भावुक नजर आईं। उन्होंने कहा:
”आप सभी की प्रतिभा और उपलब्धियां स्कूल का गौरव हैं। जीवन के इस नए अध्याय में कदम रखते हुए संस्थान द्वारा दिए गए अनुशासन और मूल्यों को हमेशा याद रखें। कड़ी मेहनत और सकारात्मक सोच ही आपको सफलता के शिखर तक ले जाएगी।”









