ठाणा गांव में 10 दिन से सूखे नल — उद्योग मंत्री के क्षेत्र में लोग बूंद-बूंद पानी को मोहताज

सिरमौर :(कपिल शर्मा) : हिमाचल प्रदेश के उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान के हल्के के अंतर्गत आने वाले ठाणा गांव के लोग पिछले 10 दिनों से पेयजल संकट से जूझ रहे हैं। गांव में पेयजल आपूर्ति ठप होने के कारण ग्रामीणों को लगभग 3 किलोमीटर दूर से पानी ढोने पर मजबूर होना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जल शक्ति विभाग की लापरवाही के कारण गांव की पेयजल लाइन अब तक रिस्टोर नहीं की गई, जिससे महिलाओं और बुजुर्गों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गांव की पारंपरिक बावड़ी भी सूखने के कगार पर है और वहां से एक बाल्टी पानी तक नहीं मिल पा रहा।
इसी क्षेत्र के आप नेता एवं समाजसेवी नाथूराम चौहान ने चेतावनी दी है कि यदि कल शाम तक पानी की सप्लाई बहाल नहीं हुई, तो ग्रामीण विभाग और सरकार के खिलाफ पुतले जलाने को मजबूर होंगे।
उधर, जल शक्ति विभाग के अधिकारियों ने बताया कि पेयजल लाइन की मरम्मत का कार्य जारी है और जल्द ही आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी। ग्रामीणों ने सरकार और विभाग से मांग की है कि इस क्षेत्र में स्थायी समाधान निकाला जाए, ताकि बार-बार ऐसी स्थिति का सामना न करना पड़े।








