सड़क हादसे में फायरमैन की मौत: ड्यूटी पर जाते समय ट्रक की चपेट में आया युवक

मुकेरियां/जसवां प्रागपुर: जालंधर-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर आर्मी ग्राउंड के समीप बुधवार शाम हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में 37 वर्षीय युवक की जान चली गई। मृतक की पहचान दिनेश कुमार (37) पुत्र जगदीश चंद, निवासी गांव बरनाली कुट (ग्राम पंचायत घमरूर), जसवां प्रागपुर के रूप में हुई है। दिनेश उच्ची बस्सी फायर स्टेशन में बतौर फायरमैन कार्यरत थे।
हादसे का विवरण
मिली जानकारी के अनुसार, दिनेश कुमार बुधवार शाम करीब 4 बजे अपने मोटरसाइकिल पर सवार होकर ड्यूटी के लिए उच्ची बस्सी फायर स्टेशन जा रहे थे। जब वे आर्मी ग्राउंड के सामने पहुंचे, तो एक अनियंत्रित ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दिनेश ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
गुरुवार को सिविल अस्पताल मुकेरियां में शव का पोस्टमार्टम करवाने के पश्चात पार्थिव देह परिजनों को सौंप दी गई। आज उनके पैतृक गांव बरनाली कुट में गमगीन माहौल में उनका अंतिम संस्कार किया गया। दिनेश अपने पीछे वृद्ध मां, पत्नी और दो छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं। परिवार के इकलौते कमाऊ सदस्य की मौत से पूरे गांव में शोक की लहर है।

पंचायत ने जताया दुख
घमरूर पंचायत के उपप्रधान अश्वनी कुमार ने इस दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने पीड़ित परिवार के साथ संवेदनाएं प्रकट करते हुए कहा कि:
”दिनेश एक मेहनती युवक था। इस कठिन समय में पंचायत परिवार के साथ खड़ी है और सरकार व प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता दिलाने का प्रयास किया जाएगा।”









