भीषण सड़क हादसे में दो जगह से टूट गया था कूल्हा, आयुष्मान योजना के तहत हुआ नि:शुल्क इलाज

पठानकोट: स्वास्थ्य सेवाओं में जिला पठानकोट के अग्रणी संस्थान राज हॉस्पिटल (सिंबल चौक) ने एक बार फिर अपनी चिकित्सा विशेषज्ञता का लोहा मनवाया है। अस्पताल के प्रख्यात हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. निशांत मन्हास ने एक भीषण सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल 60 वर्षीय बुजुर्ग सोमराज के कूल्हे का जटिल ऑपरेशन सफलतापूर्वक संपन्न कर उन्हें नई जिंदगी दी है। खास बात यह है कि मरीज का यह पूरा इलाज सरकार की आयुष्मान भारत योजना के तहत पूरी तरह नि:शुल्क किया गया।
हादसे ने छीन ली थी चलने की उम्मीद
मरीज की पत्नी मीनू ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि बीते दिनों उनका परिवार ऑटो में सवार होकर मुक्तेश्वर धाम जा रहा था। रास्ते में ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया, जिसमें सोमराज गंभीर रूप से घायल हो गए। जांच में पता चला कि उनके कूल्हे की हड्डी दो जगह से बुरी तरह फ्रैक्चर हो गई है। 60 वर्ष की आयु और चोट की गंभीरता को देखते हुए कई अस्पतालों ने इलाज में असमर्थता जताई, जिससे परिवार पूरी तरह हताश हो गया था।

डॉ. निशांत मन्हास ने स्वीकार की चुनौती
निराशा के बीच परिजनों को किसी परिचित ने राज हॉस्पिटल के बारे में बताया। यहाँ डॉ. निशांत मन्हास ने मरीज की स्थिति का गहन परीक्षण किया और तुरंत सर्जरी का निर्णय लिया। डॉ. मन्हास ने बताया, “60 वर्ष की आयु में कूल्हे का दो जगह से टूटना चिकित्सकीय दृष्टि से काफी चुनौतीपूर्ण होता है, लेकिन आधुनिक तकनीक और बेहतर पोस्ट-ऑपरेटिव केयर की बदौलत ऑपरेशन सफल रहा। मरीज अब तेजी से रिकवर कर रहा है।”

परिजनों ने जताया आभार
मरीज के परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन और डॉ. निशांत का आभार जताते हुए कहा कि वे निजी अस्पताल का भारी खर्च उठाने में सक्षम नहीं थे। राज हॉस्पिटल में आयुष्मान कार्ड के माध्यम से मिले मुफ्त इलाज ने उनके परिवार को बहुत बड़ी राहत दी है।
मरीजों की सेवा के लिए वचनबद्ध: प्रबंधन
अस्पताल के एमडी डॉ. अनिल गर्ग एवं डॉ. रिचा शर्मा ने कहा कि राज अस्पताल पठानकोट वासियों को उच्च स्तरीय स्वास्थ्य सेवाएं देने के लिए हमेशा तत्पर है। उन्होंने दोहराया कि जरूरतमंद मरीजों को आयुष्मान कार्ड के तहत सरकार द्वारा निर्धारित सभी मुफ्त सुविधाएं प्राथमिकता के आधार पर दी जा रही हैं।









