चुराह में पुलिस टीम पर हमला: भीड़ ने चरस तस्कर को छुड़ाया, 30 पर FIR

चंबा/तीसा। जिला चंबा के चुराह उपमंडल में शनिवार रात कानून व्यवस्था की धज्जियां उड़ाने वाला मामला सामने आया है। यहाँ पुलिस की विशेष जांच टीम (SIU) पर भीड़ ने उस वक्त हमला कर दिया, जब टीम ने 1.42 किलोग्राम चरस के साथ एक आरोपी को दबोचा था। उग्र भीड़ न केवल आरोपी को पुलिस की गिरफ्त से छुड़ा ले गई, बल्कि सरकारी वाहन पर पथराव कर उसे क्षतिग्रस्त भी कर दिया।
शनेड़ा नाला के पास हुई वारदात
जानकारी के अनुसार, SIU प्रभारी गगनदीप सिंह की अगुवाई में टीम ने झज्जाकोठी मार्ग पर शनेड़ा नाला के पास सुभाष चंद (निवासी भमनोता) को चरस के साथ गिरफ्तार किया था। इसी दौरान करीब 30 लोगों के हुजूम ने पुलिस पार्टी को घेर लिया। भीड़ ने पुलिसकर्मियों के साथ गाली-गलौज और धक्का-मुक्की की, जिसका फायदा उठाकर आरोपी वहां से फरार हो गया।

पंचायत प्रधान समेत 30 पर मामला दर्ज
पुलिस ने इस दुस्साहस पर कड़ा संज्ञान लेते हुए शलेला बाड़ी पंचायत की प्रधान नीलमा, स्थानीय निवासी लोभी और प्रकाश सहित 30 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। प्राथमिकी में 27 आरोपी फिलहाल अज्ञात बताए जा रहे हैं, जिनकी पहचान की जा रही है।
दो घंटे के भीतर दोबारा दबोचा आरोपी
घटना के तुरंत बाद पुलिस हरकत में आई। तीसा थाना पुलिस और SIU ने संयुक्त तलाशी अभियान चलाया और फरारी के महज दो घंटे के भीतर आरोपी सुभाष चंद को दोबारा गिरफ्तार कर लिया।

सख्त कार्रवाई होगी:
“पुलिस पर हमला करने और कानून हाथ में लेने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। सभी नामजद आरोपियों को जल्द तलब कर पूछताछ की जाएगी। कानून व्यवस्था से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं होगा।”
— विजय सकलानी, पुलिस अधीक्षक, चंबा









