प्रशासन का नशे के खिलाफ बड़ा एक्शन: दौलतपुर ढाकी में नशा तस्कर की संपत्ति जमींदोज

नशे के काले कारोबार के खिलाफ सरकार और पुलिस प्रशासन द्वारा अपनाई गई ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत आज दौलतपुर ढाकी (प्रेम नगर) में एक बड़ी कार्रवाई अमल में लाई गई। पुलिस और स्थानीय प्रशासन की संयुक्त टीम ने भारी पुलिस बल की मौजूदगी में एक कुख्यात नशा तस्कर द्वारा अवैध कमाई से खड़ी की गई संपत्ति को नष्ट कर दिया।

भारी पुलिस बल के साथ पहुंची टीम
सुबह होते ही प्रशासनिक अधिकारियों और भारी पुलिस बल ने जेसीबी मशीनों के साथ पहुंची टीम ने नशा तस्करी के आरोपों में घिरे व्यक्ति की अवैध संपत्ति को ढहाने की प्रक्रिया शुरू की। इस दौरान इलाके में तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए थे।
अवैध कमाई पर प्रहार
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि उक्त आरोपी लंबे समय से इलाके में नशे के कारोबार में लिप्त था। जांच के दौरान यह पाया गया कि आरोपी ने नशे की तस्करी से होने वाली काली कमाई का इस्तेमाल इस संपत्ति को बनाने में किया था।

”नशे के सौदागरों के मन में कानून का खौफ पैदा करने और युवाओं को इस दलदल से बचाने के लिए यह कार्रवाई जरूरी थी। नशा तस्करों की संपत्तियों को कुर्क और नष्ट करने का अभियान आगे भी जारी रहेगा।”

इलाके के लोगों ने किया स्वागत
प्रशासन की इस कार्रवाई का स्थानीय निवासियों ने स्वागत किया है। लोगों का कहना है कि नशे के कारण इलाके के कई युवाओं का भविष्य बर्बाद हो रहा है, ऐसे में तस्करों पर इस तरह का कड़ा एक्शन अन्य अपराधियों के लिए एक मिसाल बनेगा।









