‘यूथ अगेंस्ट ड्रग्स’ अभियान: भडोली और दरसोपुर में नशामुक्त पंजाब के लिए दिलायी शपथ

पठानकोट, 4 जनवरी: जिला कानूनी सेवाएं अथॉरिटी पठानकोट के चेयरमैन एवं जिला एवं सत्र न्यायाधीश जितेंद्र पाल सिंह खुरमी और सीजेएम रुपिंदर सिंह के दिशा-निर्देशों पर ‘यूथ अगेंस्ट ड्रग्स’ अभियान के तहत गांव भडोली और दरसोपुर में सेमिनार आयोजित किए गए। सिविल जज बबीता के नेतृत्व में आयोजित इन कार्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य पंजाब को नशामुक्त बनाना और युवाओं को जागरूक करना था।
नशे के विरुद्ध एकजुट होने का आह्वान
कार्यक्रम में रिसोर्स पर्सन शीफू अग्रवाल (पंजाब स्टेट एड्स कंट्रोल सोसाइटी), पैनल एडवोकेट नवदीप सैनी, अमित वर्मा, रखिया पंडित और पीएलवी विनोद कुमार व रोहित विशेष रूप से उपस्थित रहे। वक्ताओं ने कहा कि जिले के 6 ब्लॉकों में यह मुहिम जोर-शोर से चलाई जा रही है। उन्होंने चिंता व्यक्त की कि जिस पंजाब के वीरों ने देश की आजादी के लिए कुर्बानियां दीं, आज उसी धरती का युवा नशे की दलदल में फंसकर अपनी जवानी बर्बाद कर रहा है।

स्वास्थ्य और सामाजिक बुराइयों पर चर्चा
रिसोर्स पर्सन शीफू अग्रवाल ने बताया कि नशे के इंजेक्शन साझा करने से एचआईवी जैसी भयानक बीमारी फैलने का खतरा रहता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि एचआईवी पीड़ितों का इलाज सरकारी अस्पतालों में मुफ्त किया जाता है और उनकी पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाती है। इसके अलावा, वक्ताओं ने ‘बाल विवाह’ को समाज पर एक कलंक बताते हुए इसे जड़ से खत्म करने की अपील की।

मुफ्त कानूनी सहायता की जानकारी
सेमिनार के दौरान ग्रामीणों को जिला कानूनी सेवाएं अथॉरिटी की योजनाओं के बारे में भी बताया गया:
- मुफ्त वकील: अनुसूचित जाति, मजदूर, दिव्यांग, जेल में बंद कैदी और ₹3 लाख से कम वार्षिक आय वाले लोग मुफ्त कानूनी सहायता ले सकते हैं।
- लोक अदालत: त्वरित और सस्ते न्याय के लिए समय-समय पर नेशनल लोक अदालतों का लाभ उठाने की सलाह दी गई।
- हेल्पलाइन: किसी भी सहायता के लिए टोल-फ्री नंबर 15100 पर संपर्क किया जा सकता है।

इस अवसर पर जूनियर सहायक हरप्रीत सिंह, सरपंच राकेश राणा, जागीर सिंह, बिक्रम ठाकुर, अमन भंडारी, बंटी और अमरीक सिंह सहित भारी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।








