पुलिस ने संदिग्ध कार की बरामद, चालक हिरासत में

धीरा। उपमंडल धीरा की ग्राम पंचायत नौरा में वीरवार देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे की गुत्थी सुलझाने में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने इस ‘हिट एंड रन’ मामले में शामिल संदिग्ध कार को अपने कब्जे में ले लिया है और चालक को भी पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।
सीसीटीवी कैमरों से मिला सुराग
हादसे के बाद से ही पुलिस धीरा-नौरा-पुड़वा मुख्य सड़क पर स्थित विभिन्न निजी प्रतिष्ठानों और दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही थी। गहन छानबीन और साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने शनिवार देर रात एक कार (नंबर HP 37- C 3638) को बरामद किया।

आरोपी चालक हिरासत में
पुलिस ने इस मामले में कार चालक नागेश्वर धीमान (पुत्र तिलक राज, निवासी गांव अंदराड नरवाना, योल) को पूछताछ के लिए अपनी कस्टडी में ले लिया है। पुलिस चालक से घटना के समय की गतिविधियों को लेकर कड़ी पूछताछ कर रही है।
क्या था पूरा मामला?
उल्लेखनीय है कि वीरवार देर रात धीरा-नौरा सड़क पर ‘तड़ा’ के समीप एक अज्ञात वाहन ने स्थानीय निवासी परमवीर सिंह को जोरदार टक्कर मार दी थी। टक्कर इतनी भीषण थी कि परमवीर गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि वाहन चालक मौके से फरार हो गया था। घायल परमवीर सिंह ने टांडा अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया था।
”धीरा-नौरा हिट एंड रन मामले में पुलिस की जांच विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर जारी है। पुलिस ने एक संदिग्ध गाड़ी को कब्जे में लिया है और चालक नागेश्वर धीमान को पूछताछ के लिए डिटेन किया गया है ताकि और अधिक साक्ष्य जुटाए जा सकें।”
— अशोक रत्न, पुलिस अधीक्षक, जिला कांगड़ा

अगले कदम
पुलिस फिलहाल घटना से जुड़े और अधिक सबूत जुटाने के प्रयास कर रही है। फॉरेंसिक जांच और सीसीटीवी फुटेज के मिलान के बाद आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। पुलिस यह सुनिश्चित करने में जुटी है कि मामले की तह तक जाकर दोषी को सख्त सजा दिलाई जा सके।








