गांव भूदन में मचा कोहराम; मरने से पहले महिला ने वीडियो रिकॉर्ड कर बयां किया दर्द

जिला मालेरकोटला के गांव भूदन में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक 31 वर्षीय विधवा महिला ने अपनी बुजुर्ग मां और 9 साल के मासूम बेटे के साथ जहरीला पदार्थ निगलकर आत्महत्या कर ली। इस घटना के बाद पूरे इलाके में मातम और सनसनी का माहौल है। मृतकों की पहचान इंदरपाल कौर (31), उनके बेटे जॉर्डन सिंह (9) और महिला की मां हरदीप कौर के रूप में हुई है।
सुबह जब मासूम की खुली आंख, तो बगल में पड़ी थीं मां और नानी की लाशें
मिली जानकारी के अनुसार, इंदरपाल कौर के पति पवनदीप सिंह की कुछ साल पहले मौत हो गई थी, जिसके बाद से उसकी मां उसके साथ ही रह रही थी। बताया जा रहा है कि इंदरपाल और उनकी मां की मौत रात में ही हो गई थी। सुबह जब 9 वर्षीय जॉर्डन की आंख खुली, तो उसने अपनी मां और नानी को मृत पाया।

मासूम ने तुरंत अपनी दादी को इसकी सूचना दी, जिसके बाद गांव में हड़कंप मच गया। हालांकि, जहर का असर जॉर्डन पर भी हो चुका था। गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।
वीडियो संदेश में 10 लोगों को ठहराया जिम्मेदार
पुलिस जांच में एक महत्वपूर्ण साक्ष्य सामने आया है। आत्महत्या जैसा खौफनाक कदम उठाने से पहले इंदरपाल कौर ने एक वीडियो रिकॉर्ड किया था। इस वीडियो में उसने अपनी आपबीती सुनाते हुए पड़ोसी परिवार और अपने ही कुछ रिश्तेदारों समेत 10 लोगों को मौत के लिए जिम्मेदार ठहराया है।
पुलिस ने दर्ज की एफआईआर, आरोपियों की तलाश जारी
थाना संदौड़ के प्रभारी इंस्पेक्टर गगनदीप सिंह ने बताया कि मृतका के भाई कुलदीप सिंह (निवासी गांव गुरबख्शपुरा, संगरूर) के बयानों के आधार पर एफआईआर नंबर 203 दर्ज कर ली गई है।
इन लोगों पर मामला दर्ज:
पुलिस ने वीडियो में नामित 10 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है, जिनमें मुख्य रूप से:
चरणजीत कौर (सास), सुखपाल सिंह, दलजीत कौर, बाबी कौर, कौरू सिंह, पम्मू सिंह, जस्मेल कौर, गुरप्रीत सिंह और किरणा कौर (सभी निवासी गांव भूदन) शामिल हैं।

”हमने वीडियो और परिजनों के बयानों को आधार बनाकर जांच शुरू कर दी है। दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। प्रथम दृष्टया यह प्रताड़ना का मामला लग रहा है।”
— पुलिस प्रशासन, मालेरकोटला








