ज्यूडिशियल कोर्ट कॉम्प्लेक्स में आवासीय कॉलोनी बनाने को लेकर विशेष बैठक आयोजित

पठानकोट, 24 दिसंबर जिला पठानकोट में स्थित ज्यूडिशियल कोर्ट कॉम्प्लेक्स में न्यायाधीशों के लिए आवासीय कॉलोनी बनाने के संबंध में मलिकपुर स्थित कोर्ट कॉम्प्लेक्स में एक विशेष बैठक का आयोजन किया गया।

इस बैठक में जतिंदर पाल सिंह खुरमी, जिला एवं सत्र न्यायाधीश (पठानकोट) और डॉ. पल्लवी, उपायुक्त (पठानकोट) विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक में उनके अलावा लोक निर्माण विभाग के एक्सीयन प्रदीप कुमार, जिला राजस्व अधिकारी संजीव पठानिया, लोक निर्माण विभाग के एसडीओ परविंदर सिंह, पावरकॉम के एक्सीयन जसविंदर सिंह, नायब तहसीलदार रणदीप सिंह और वन विभाग के अधिकारी भी शामिल हुए।

अधिकारियों को प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश
बैठक के दौरान मलिकपुर पठानकोट में न्यायिक अधिकारियों के लिए प्रस्तावित आवासीय कॉलोनी के निर्माण पर विस्तार से चर्चा की गई। इस अवसर पर जानकारी देते हुए उपायुक्त डॉ. पल्लवी ने बताया कि जिला पठानकोट के मलिकपुर कोर्ट कॉम्प्लेक्स में जजों के लिए एक आधुनिक आवासीय कॉलोनी तैयार की जानी है। उन्होंने आज स्वयं कोर्ट परिसर के साथ लगती भूमि का निरीक्षण भी किया।

निर्माण कार्य में तेजी लाने पर जोर
उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी करते हुए कहा कि कॉलोनी के निर्माण के लिए सभी आवश्यक औपचारिकताओं और कागजी कार्रवाई को तुरंत शुरू किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कोर्ट कॉम्प्लेक्स के साथ सटी हुई खाली जमीन का उपयोग इस आवासीय प्रोजेक्ट के लिए किया जा सकता है। उन्होंने विभिन्न विभागों के अधिकारियों को हिदायत दी कि निर्माण कार्य की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए ताकि जल्द से जल्द काम शुरू हो सके।








