MBA पास युवती चिट्टे के साथ गिरफ्तार: चम्बा की नेहा होटल से धरी गई, पंजाब से लाई थी खेप

जिला ऊना पुलिस की स्पेशल इन्वेस्टिगेशन यूनिट (SIU) ने नशे के खिलाफ जारी ‘जीरो टॉलरेंस’ अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने टाहलीवाल स्थित एक होटल में छापेमारी कर चम्बा की रहने वाली एक उच्च शिक्षित युवती को 11.22 ग्राम चिट्टे (हेरोइन) के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी युवती की पहचान नेहा के रूप में हुई है, जिसने खुद को MBA पास बताया है।
गुप्त सूचना पर रात को दी दबिश
पुलिस अधीक्षक (SP) अमित यादव के सख्त निर्देशों पर कार्रवाई करते हुए SIU प्रभारी और थाना हरोली के एसएचओ इंस्पेक्टर सुनील कुमार संख्यान की टीम ने टाहलीवाल के एक होटल में देर रात दबिश दी। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि होटल के एक कमरे में संदिग्ध गतिविधि चल रही है। कमरे की तलाशी लेने पर युवती के पास से 11.22 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।

पंजाब से जुड़े हैं तस्करी के तार
प्रारंभिक पूछताछ में खुलासा हुआ है कि आरोपी युवती मूल रूप से डलहौजी (जिला चम्बा) की निवासी है। वह नशे की यह खेप पंजाब से लेकर आई थी और ऊना के स्थानीय क्षेत्रों में इसे सप्लाई करने की फिराक में थी। पुलिस अब “बैकवर्ड लिंकेज” खंगाल रही है ताकि यह पता चल सके कि पंजाब में उसने यह नशा किससे खरीदा और यहाँ किसे डिलीवर किया जाना था।
”शिक्षित युवाओं का इस दलदल में फंसना समाज के लिए खतरे की घंटी है। हम मुख्य सप्लायर तक पहुँचने के लिए जांच तेज कर रहे हैं।”
— अमित यादव, एसपी ऊना
शिक्षा पर सवाल: MBA डिग्री और नशे का कारोबार
इस मामले ने पुलिस और समाज दोनों को हैरान कर दिया है। एक तरफ जहां युवाओं को नशे से दूर रहने की सीख दी जा रही है, वहीं MBA जैसी उच्च शिक्षा प्राप्त युवती का तस्करी में संलिप्त होना चिंताजनक है। पुलिस इसे युवा पीढ़ी के भविष्य पर एक गंभीर प्रहार मान रही है।

इन अधिकारियों ने दी दबिश
इस सफल ऑपरेशन में इंस्पेक्टर सुनील कुमार के नेतृत्व में आरक्षी सौरभ, राकेश, रफीक, जसबीर और महिला आरक्षी सुदेश ने अहम भूमिका निभाई। टाहलीवाल पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।
आम जनता से अपील
एसपी ऊना ने जनता से आह्वान किया है कि यदि उनके पास नशे के सौदागरों के बारे में कोई भी जानकारी है, तो वे सीधे पुलिस कप्तान या SIU को व्हाट्सएप पर सूचित करें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाएगी।








