हनी सिंह के ‘नागिन’ गाने पर बवाल: भाजपा नेता ने DGP से की शिकायत, FIR और डिजिटल प्लेटफॉर्म से हटाने की मांग
मशहूर बॉलीवुड सिंगर और रैपर यो यो हनी सिंह एक बार फिर अपने गीतों को लेकर कानूनी विवादों में घिरते नजर आ रहे हैं। करीब दो साल पहले रिलीज हुए उनके चर्चित गाने ‘नागिन’ को लेकर अश्लीलिटी फैलाने के आरोप लगे हैं। जालंधर से भाजपा नेता अरविंद शर्मा ने इस संबंध में पंजाब के पुलिस महानिदेशक (DGP) को औपचारिक शिकायत सौंपी है।

अश्लीलता और बच्चों पर बुरा प्रभाव: शिकायत के मुख्य बिंदु
भाजपा नेता अरविंद शर्मा ने अपनी शिकायत में मांग की है कि हनी सिंह के खिलाफ तुरंत FIR दर्ज की जाए और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई हो। शिकायत में कहा गया है कि:
’नागिन’ गाने के वीडियो में भारी अश्लीलता दिखाई गई है जो समाज की मर्यादा के खिलाफ है।
ऐसे गानों का बच्चों और किशोरों (Teenagers) के मानसिक विकास पर अत्यंत नकारात्मक प्रभाव पड़ता है।
इस मामले को ‘गंभीर जनहित’ (Public Interest) का मुद्दा बताते हुए गायक और गाने से जुड़े अन्य जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की गई है।
डिजिटल प्लेटफॉर्म से हटाने की मांग
शिकायतकर्ता ने न केवल कार्रवाई की मांग की है, बल्कि इस गाने को यूट्यूब समेत सभी डिजिटल म्यूजिक प्लेटफॉर्म से तुरंत हटाने (Delete) की भी पुरजोर अपील की है। गौरतलब है कि यह गाना 2 साल पहले रिलीज हुआ था और उस समय भी इसके फिल्मांकन को लेकर सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिली थीं।

हनी सिंह और विवादों का पुराना नाता
यह पहली बार नहीं है जब हनी सिंह अपने बोल या वीडियो को लेकर विवादों में रहे हैं। इससे पहले भी उन पर महिलाओं के प्रति अभद्र टिप्पणी और अश्लील सामग्री परोसने के आरोप लगते रहे हैं। अब देखना यह होगा कि पंजाब पुलिस इस ताजा शिकायत पर क्या रुख अपनाती है।








