इश्क में अंधी पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर की पति की नृशंस हत्या, शव के टुकड़े कर गंगा में बहाए

संभल। उत्तर प्रदेश के संभल जिले से एक ऐसी सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जिसने मानवीय रिश्तों को शर्मसार कर दिया है। एक पत्नी ने अपने अवैध संबंधों के रास्ते में रोड़ा बन रहे पति को न केवल रास्ते से हटाया, बल्कि हैवानियत की सारी हदें पार करते हुए उसके शव के टुकड़े-टुकड़े कर अलग-अलग स्थानों पर फेंक दिए। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए आरोपी पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है।
आपत्तिजनक स्थिति में देखने पर रची हत्या की साजिश
पुलिस के अनुसार, चुन्नी मोहल्ला निवासी राहुल की पत्नी रूबी का अपने ही मोहल्ले के गौरव के साथ काफी समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। 18 नवंबर को राहुल ने अपनी पत्नी और गौरव को आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया था, जिसके बाद उसने दोनों को अंजाम भुगतने और बदनाम करने की धमकी दी थी। इसी बात से खौफजदा होकर प्रेमी जोड़े ने राहुल की हत्या की खौफनाक साजिश रची।

हथौड़े से वार के बाद ग्लाइंडर से काटे शव के टुकड़े
वारदात को अंजाम देने का तरीका किसी थ्रिलर फिल्म जैसा था। आरोपियों ने सबसे पहले राहुल पर हथौड़े और रॉड से हमला कर उसकी जान ले ली। इसके बाद अगले ही दिन प्रेमी गौरव ने बाजार से एक नया इलेक्ट्रिक ग्लाइंडर खरीदा। बेरहमी की हद पार करते हुए उन्होंने राहुल की गर्दन, हाथ और पैरों को धड़ से अलग कर दिया। साक्ष्यों को मिटाने के लिए:
सिर और हाथ-पैर: पॉलीथिन बैग में भरकर राजघाट स्थित गंगा नदी में विसर्जित कर दिए।
धड़: पास के ही पत्रुआ गांव के एक नाले में फेंक दिया।
गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश
हत्या के बाद खुद को पाक-साफ दिखाने के लिए आरोपी पत्नी रूबी ने खुद थाने जाकर पति की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। वह लगातार पुलिस के सामने बेगुनाही का नाटक करती रही ताकि किसी को उस पर शक न हो।

हाथ पर गुदे नाम ‘राहुल’ ने खोला राज
15 दिसंबर को पुलिस को पत्रुआ गांव के नाले से एक सड़ी-गली, बिना सिर वाली लाश बरामद हुई। शव की हालत इतनी खराब थी कि पहचान करना नामुमकिन था। लेकिन दो दिन बाद जब पुलिस को शव का कटा हुआ हाथ मिला, जिस पर ‘राहुल’ नाम गुदा हुआ था, तो जांच की दिशा बदल गई।
जब पुलिस ने कड़ाई से रूबी से पूछताछ की, तो वह टूट गई और प्रेमी गौरव के साथ मिलकर अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल:
वारदात में प्रयुक्त स्कूटी और कार
इलेक्ट्रिक ग्लाइंडर (शव काटने के लिए)
खून साफ करने वाला ब्रश बरामद कर लिया है।
”अवैध संबंधों के चलते इस नृशंस हत्याकांड को अंजाम दिया गया। आरोपियों ने साक्ष्य मिटाने की पूरी कोशिश की, लेकिन पुलिस की मुस्तैदी से मामला सुलझ गया। दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।” — स्थानीय पुलिस अधिकारी








