“मास्टर सलीम पर टूटा दुखों का पहाड़, संगीत जगत के दिग्गज पिता उस्ताद पूरन शाह कोटी का निधन”

जालंधर/चंडीगढ़: पंजाबी संगीत जगत से आज एक अत्यंत दुखद खबर सामने आई है। मशहूर सूफी गायक मास्टर सलीम के पिता और संगीत की दुनिया के दिग्गज उस्ताद पूरन शाह कोटी अब हमारे बीच नहीं रहे। 72 वर्ष की आयु में उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर मिलते ही संगीत प्रेमियों और मनोरंजन जगत में शोक की लहर दौड़ गई है।

लंबे समय से थे बीमार
मिली जानकारी के अनुसार, उस्ताद पूरन शाह कोटी पिछले काफी समय से स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रहे थे। बीमारी के चलते उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका। इलाज के दौरान उन्होंने दुनिया को अलविदा कह दिया।
संगीत जगत का एक युग समाप्त
उस्ताद पूरन शाह कोटी केवल एक गायक ही नहीं, बल्कि संगीत के एक महान शिक्षक भी थे। उन्होंने पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री को कई अनमोल सितारे दिए हैं। मास्टर सलीम के अलावा हंस राज हंस, जसबीर जस्सी और सबरकोटी जैसे दिग्गज कलाकारों ने भी उनसे संगीत की बारीकियां सीखी थीं।

सोशल मीडिया पर दी जा रही श्रद्धांजलि
उनके निधन की खबर के बाद से ही सोशल मीडिया पर शोक संदेशों की बाढ़ आ गई है। पंजाबी गायक, अभिनेता और उनके चाहने वाले भारी मन से उन्हें याद कर रहे हैं। संगीत जगत के दिग्गजों का कहना है कि पूरन शाह कोटी जी का जाना संगीत के एक अध्याय का अंत है, जिसकी भरपाई कभी नहीं की जा सकेगी।








