चुनावी रंजिश: लुधियाना में AAP की जीत के जश्न पर चलीं गोलियां, 5 घायल; 18 कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर FIR

लुधियाना : पंजाब के लुधियाना स्थित ब्लॉक समिति चुनावों के नतीजों के बाद राजनीतिक हिंसा का खौफनाक मंजर सामने आया है। गिल इलाके के बचित्तर नगर में आम आदमी पार्टी (AAP) की जीत का जश्न मना रहे कार्यकर्ताओं पर कथित तौर पर कांग्रेस समर्थकों ने अंधाधुंध फायरिंग कर दी। इस हिंसक झड़प में 5 लोग घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने इस मामले में 6 नामजद समेत 18 कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार, आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार सुखमीत सिंह खन्ना और सोनू गिल की जीत के बाद कार्यकर्ता इलाके में ‘धन्यवाद रैली’ निकाल रहे थे। इसी दौरान कांग्रेस नेता जसबीर सिंह और उनके साथियों के साथ उनकी बहस हो गई। बहस ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि कांग्रेसियों ने पहले गाली-गलौज की, फिर पत्थरबाजी शुरू कर दी और अंत में फायरिंग कर दी।

वीडियो में कैद हुई हिंसा
घटना का एक 1.57 मिनट का वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में दोनों गुट एक-दूसरे को ललकारते नजर आ रहे हैं। आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं की तरफ से एक व्यक्ति निहंग के बाने में तलवार लिए सबसे आगे दिख रहा है। वीडियो के अनुसार, पहले कांग्रेस की ओर से ईंटें चलाई गईं, जिसके जवाब में AAP कार्यकर्ताओं ने भी पथराव किया। इसी बीच क्रीम रंग की जैकेट पहने एक व्यक्ति ने सीधे गोलियां चलानी शुरू कर दीं।
घायलों की आपबीती
अस्पताल में उपचाराधीन घायलों ने बताया कि हमलावरों ने करीब 15 से 20 राउंड फायर किए।
गुरमुख सिंह (65): “हम रैली निकाल रहे थे, कांग्रेस नेता से हार बर्दाश्त नहीं हुई और उसने ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं।”
गुरदीप सिंह (32): “गोली मेरे पैर को छूकर निकल गई। हमला करने वाले 7-8 लोग थे। शुक्र है कि कोई बच्चा इसकी चपेट में नहीं आया।”
अन्य घायल: घायलों की पहचान रविंदर सिंह (44), उदमवीर सिंह (25) और मनदीप सिंह (36) के रूप में हुई है।
पुलिस की कार्रवाई
सदर थाना पुलिस ने फायरिंग का वीडियो सामने आने के बाद हमलावरों की पहचान की है। पुलिस ने पूर्व सरपंच जसवीर सिंह, अजयवीर, उदयवीर, सरपंच निंदा, तजिंदर सिंह उर्फ लाडी और पंच पूजा समेत 12 अज्ञात लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।

सियासी आरोप-प्रत्यारोप
AAP नेता जतिंदरपाल सिंह गाबड़िया ने कहा कि हार की हताशा में कांग्रेस नेता गुंडागर्दी पर उतर आए हैं। वहीं, AAP से नवनिर्वाचित सुखमीत सिंह खन्ना ने आरोप लगाया कि इस सीट को जीतने के लिए विपक्षी दिग्गजों ने पूरा जोर लगाया था, लेकिन हार मिलने पर अब वे गोलियां चला रहे हैं। घटना के विरोध में गुस्साए कार्यकर्ताओं ने लुधियाना-मलेरकोटला रोड पर मराडो पुलिस चौकी के पास जाम लगाकर प्रदर्शन भी किया।








