शादी के दिन फेरों से ठीक पहले टूटा रिश्ता, दुल्हन और परिजन रो-रोकर बेहाल; पुलिस में शिकायत दर्ज, इंसाफ की गुहार

मुकेरीया : एक तरफ जहां शादी के घर में खुशियों का माहौल था, वहीं दूल्हे के परिवार द्वारा उठाए गए एक चौंकाने वाले कदम ने सभी को गम में डुबो दिया। दुल्हन के हाथों में मेहंदी लगी थी और बाहों में चूड़ा सजा था। पूरा परिवार और मेहमान बारात के आने का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे, लेकिन तभी एक ऐसी खबर आई जिसने सारी तैयारियां धरी की धरी छोड़ दीं।
दहेज कम होने का बताया कारण
दरअसल, विवाह समारोह से ठीक पहले दूल्हे के परिवार ने यह कहते हुए बारात लाने से इनकार कर दिया कि उन्हें दहेज उनकी पसंद का नहीं मिला है और दिया जा रहा दहेज कम है।
जब लड़की के परिवार ने दूल्हे वालों से संपर्क किया, तो उन्होंने स्पष्ट रूप से बता दिया कि बारात नहीं आएगी। यह सुनते ही दुल्हन और उसके परिवार के सारे सपने और अरमान अधूरे रह गए। दूल्हे के परिवार के इस रवैये से दुल्हन और उसके परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
लाखों का खर्च, अब इंसाफ की मांग
दुल्हन के परिजनों ने बताया कि शादी की तैयारियां कई दिनों से चल रही थीं, और इसमें लाखों रुपये का खर्च आया है। अब वे न्याय के लिए गुहार लगा रहे हैं। उनका कहना है कि इस घटना ने उन्हें भावनात्मक और आर्थिक रूप से भारी नुकसान पहुंचाया है।

पीड़ित परिवार की मुख्य मांग है कि शादी की तैयारियों में जो भी खर्च हुआ है, वह दूल्हे के परिवार से वापस दिलवाया जाए। इसके अलावा, उन्होंने दूल्हे और उसके परिवार के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि भविष्य में कोई अन्य परिवार ऐसी हरकत न कर सके और लोगों को एक सबक मिल सके।

पुलिस में शिकायत दर्ज
परिजनों ने इस पूरे मामले की शिकायत स्थानीय पुलिस स्टेशन में दर्ज करा दी है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है। दहेज के लालच में शादी तोड़ने के इस गंभीर मामले पर पुलिस क्या कार्रवाई करती है, इस पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं।








