भारी सुरक्षा के बीच सुजानपुर में ब्लॉक समिति चुनाव संपन्न; 2103 मतदाताओं ने किया मताधिकार का प्रयोग

सुजानपुर, आज सुजानपुर ब्लॉक के अंतर्गत फिरोजपुर कला जोन 8 के साथ-साथ गांव अतेपुर और गांव शहर सनी में जिला परिषद और ब्लॉक समिति के चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुए। इन चुनावों में मतदाताओं ने भारी संख्या में भाग लिया, जिससे मतदान केंद्रों पर उत्साह का माहौल रहा।

स्थानीय प्रतिनिधि और गांव अतेपुर के सरपंच सरदार लखबीर सिंह और पूर्व सरपंच गुरनाम सिंह ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि फिरोजपुर कला जोन 8 में कुल 1222 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इसी तरह, गांव अतेपुर में 451 और गांव शहर सनी में 530 मतदान शांतिपूर्ण तरीके से दर्ज किया गया।

उन्होंने बताया कि पूरी चुनाव प्रक्रिया के दौरान कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली और मतदान पूरी तरह से शांतिपूर्ण रहा।

सरदार लखबीर सिंह और गुरनाम सिंह ने शांतिपूर्ण मतदान संपन्न कराने के लिए पंजाब सरकार और विशेष रूप से सुजानपुर के थाना प्रभारी मोहित का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि इन चुनावों को सफलतापूर्वक और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में पुलिस प्रशासन का अहम योगदान रहा है।








