अमृतसर-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग से भयानक टक्कर में महिला और बच्चे की मौत, 30 से ज़्यादा यात्री घायल

अमृतसर-पठानकोट रोड पर बीती देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके में सनसनी मचा दी। जानकारी के अनुसार, गोपालपुरा और कथूनंगल के बीच एक निजी बस और एक टिप्पर के बीच भयानक टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी ज़ोरदार थी कि बस का सामने का हिस्सा पूरी तरह पिचक गया।
इस हादसे में एक महिला और एक बच्चे की जान चली गई है।
वहीं, 30 से अधिक यात्री घायल हुए हैं, जिनका विभिन्न अस्पतालों में इलाज चल रहा है।

हादसे की भयावहता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि बस की सीटें तक उखड़ गईं और यात्री सीटों समेत सड़क पर आ गिरे, जिससे कुछ देर के लिए अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।

कैसे हुआ हादसा?
हादसे के संबंध में मिली जानकारियों के अनुसार, एक निजी कंपनी का टिप्पर बिना कोई संकेत (इंडिकेटर) दिए अचानक रास्ते से मुड़ गया।
इसी दौरान, गुरदासपुर से अमृतसर की ओर आ रही तेज़ रफ़्तार बस उससे टकरा गई।
मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि बस ड्राइवर भी गंभीर रूप से घायल हुआ है और उसकी हालत बेहद नाज़ुक बनी हुई है।
टिप्पर ड्राइवर फ़रार, यातायात प्रभावित
टक्कर के बाद, टिप्पर का ड्राइवर मौके से फ़रार हो गया।
इस भीषण हादसे के कारण राजमार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिसे पुलिस और स्थानीय लोगों की कड़ी मशक्कत के बाद खुलाया जा सका।

घायलों का इलाज जारी
पुलिस ने दोनों वाहनों को ज़ब्त करके मामले की जांच शुरू कर दी है।
घायलों को सरकारी और प्राइवेट अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनका इलाज जारी है।
चश्मदीदों और पुलिस का बयान
हादसे के बाद, हमने मौके पर मौजूद चश्मदीदों और पुलिस के अधिकारियों से बात की:
चश्मदीद (यात्री): “बस की स्पीड इतनी ज़्यादा नहीं थी, लेकिन टिप्पर वाले की गलती थी। उसने अचानक मोड़ लिया और टक्कर हो गई। मैं दूसरी सीट पर बैठा था। काफी नुकसान हुआ है, बच्चे भी मरे हैं, लेडीज़ और जेंट्स भी।”
डॉक्टर धर्म सिंह, प्रोफेसर, ऑर्थोपेडिक विभाग, जीएमसी अमृतसर: “हमारे पास अभी तक ऑर्थोपेडिक विभाग में 6 मरीज़ आए हैं, जिनका हम इलाज कर रहे हैं। डेथ केस ईएमओ के पास हैं, एक केस की पुष्टि हुई है।”
स्थानीय पुलिसकर्मी: “एक टिप्पर वाला यू-टर्न ले रहा था, और पीछे से बस आकर उसमें वजी (टकरा गई)। मौके पर पहुँचकर हमने एम्बुलेंस बुलाई और निजी गाड़ियाँ रुकवा कर घायल यात्रियों को अस्पताल पहुँचाया। 12-13 लोग घायल हुए हैं। टिप्पर ड्राइवर फ़रार है, बस ड्राइवर भी घायल है। तफ्तीश जारी है।”







