जम्मू-कश्मीर: ‘कश्मीर टाइम्स’ कार्यालय पर SIA और पुलिस की बड़ी छापेमारी; AK-47 की गोलियां और ग्रेनेड का लीवर बरामद!

जम्मू/श्रीनगर: जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद-विरोधी गतिविधियों के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई में, राज्य जांच एजेंसी (SIA) और पुलिस ने गुरुवार को जम्मू स्थित ‘कश्मीर टाइम्स’ के कार्यालय पर छापा मारा। यह छापेमारी अखबार पर “देश के खिलाफ नफरत फैलाने” और “देश की संप्रभुता को खतरे में डालने वाली गतिविधियों” में शामिल होने के गंभीर आरोपों के तहत की गई है।
आपत्तिजनक सामग्री बरामद
सूत्रों के अनुसार, छापेमारी के दौरान ‘कश्मीर टाइम्स’ के कार्यालय से बेहद आपत्तिजनक सामग्री बरामद हुई है, जिसमें AK-47 राइफल और पिस्तौल की गोलियां तथा एक ग्रेनेड का लीवर शामिल है।
कार्यालय और प्रमोटरों से पूछताछ
पुलिस और SIA के अधिकारियों ने अखबार के दफ्तर और सभी कंप्यूटरों की गहन जांच की। SIA ने बताया कि यह कार्रवाई देश के खिलाफ गतिविधियों को बढ़ावा देने के आरोप में की गई है। एजेंसी जल्द ही अखबार के प्रमोटर्स और संपादक से भी पूछताछ कर सकती है।

घाटी में भी व्यापक कार्रवाई
’कश्मीर टाइम्स’ पर कार्रवाई के अलावा, SIA ने श्रीनगर, अनंतनाग और कुलगाम जिलों में भी व्यापक छापेमारी की। ये छापे आतंकवाद में शामिल और कट्टरपंथ फैलाने वाले लोगों के खिलाफ की गई जांच का हिस्सा हैं। इन सभी छापों के लिए अदालत से सर्च वारंट प्राप्त किया गया था।

सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में हाल ही में हुई ब्लास्ट घटना के बाद से जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद के खिलाफ लगातार और कड़ाई से कार्रवाई की जा रही है। सुरक्षाबल राज्य में देश-विरोधी तत्वों के नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।








