दिल्ली विस्फोट के मद्देनजर पठानकोट सीमा पर सुरक्षा कड़ी, जम्मू-कश्मीर से आने वाले वाहनों की सघन तलाशी

पठानकोट/माधोपुर: नई दिल्ली के लाल किले के पास हुए विस्फोट की घटना को मध्यनजर रखते हुए, पंजाब राज्य को हाई अलर्ट पर रखा गया है। इसी के चलते, सीमावर्ती ज़िले पठानकोट में भी सुरक्षा व्यवस्था अत्यंत कड़ी कर दी गई है।

ज़िले के एस.एस.पी. पठानकोट जी के विशेष निर्देशों का पालन करते हुए, आज माधोपुर नाके पर सघन चेकिंग अभियान चलाया गया।
जवानों ने संभाला मोर्चा
माधोपुर नाके के इंचार्ज, ए.एस.आई. पवन शर्मा के नेतृत्व में, पुलिस कर्मियों द्वारा जम्मू-कश्मीर से पंजाब की ओर आने वाले प्रत्येक वाहन की गहनता से जाँच की गई।

नाका इंचार्ज ए.एस.आई. पवन शर्मा ने मीडिया से बात करते हुए बताया, “हमारा मुख्य उद्देश्य पंजाब को सुरक्षित रखना है। जम्मू-कश्मीर से आने वाले सभी छोटे-बड़े वाहनों की चेकिंग की जा रही है ताकि राज्य में किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।”

सुरक्षा ही पहली प्राथमिकता
उन्होंने आगे कहा, “हमारा कर्तव्य है कि हम हर नागरिक की जान की रक्षा करें और यह सुनिश्चित करें कि ऐसी कोई भी घटना न हो जिससे पूरे पंजाब को नुकसान पहुंचे। दिल्ली की घटना के बाद, हम किसी भी तरह का जोखिम नहीं लेना चाहते।”

पुलिस का यह सघन चेकिंग अभियान दिनभर जारी रहा, जिसके कारण सीमा पर कुछ समय के लिए आवागमन धीमा रहा, लेकिन नागरिकों ने सुरक्षा कारणों को समझते हुए पुलिस प्रशासन का पूरा सहयोग किया। सुरक्षा बल यह सुनिश्चित करने में जुटे हैं कि राज्य की सीमाएं पूरी तरह से सुरक्षित रहें।








