चंडीगढ़ के सबसे बड़े मॉल पर चला बुलडोजर: एलांते मॉल पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई!

चंडीगढ़:चंडीगढ़ के सबसे बड़े मॉल, नेक्सस एलांते मॉल पर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बुलडोजर चला दिया है। रविवार सुबह इंडस्ट्रियल एरिया फेज-1 स्थित इस मॉल में प्रशासन का अमला जेसीबी मशीन लेकर पहुंचा, जिसके मद्देनजर मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था।
प्रशासन ने यह कार्रवाई 35,040 स्क्वॉयर फीट क्षेत्र में बिल्डिंग वॉयलेशन (निर्माण संबंधी उल्लंघन) के चलते की है। इससे पहले मॉल प्रबंधन को शोकॉज नोटिस जारी किया गया था, लेकिन नियमों का पालन न करने पर यह सख्त कदम उठाया गया।

पार्किंग से लेकर बेसमेंट तक, 10 बड़े उल्लंघन
एसडीएम ईस्ट कम असिस्टेंट एस्टेट ऑफिसर खुशप्रीत कौर द्वारा जारी नोटिस के अनुसार, एलांते मॉल प्रबंधन (मैसर्स सीएसजे इंफ्रास्ट्रक्चर प्राइवेट लिमिटेड) को पहले भी सुनवाई का मौका दिया गया था, लेकिन पूरी गड़बड़ी नहीं हटाई गई।
एस्टेट ऑफिस की रिपोर्ट में सामने आए 10 प्रमुख बिल्डिंग वॉयलेशन:
- पार्किंग का डायवर्जन: सबसे बड़ी गड़बड़ी पार्किंग क्षेत्र में सामने आई, जहाँ 22 हजार स्क्वॉयर फीट क्षेत्र, जो वाहनों की पार्किंग के लिए आरक्षित था, उसे लैंडस्कैपिंग और ग्रीनरी में बदल दिया गया।अवैध कैफे: 3 हजार स्क्वॉयर फीट के ओपन स्पेस में बिना मंजूरी के ओपन कैफे संचालित हो रहा था
- बेसमेंट का दुरुपयोग: सबसे गंभीर बात यह है कि मॉल के बेसमेंट, जिसे किसी भी मानवीय गतिविधि के लिए इस्तेमाल नहीं किया जा सकता, वहां डे केयर सेंटर, कैंटीन, वॉशरूम और मेस जैसी सुविधाएं चल रही थीं (2500 स्क्वॉयर फीट में)।
अन्य उल्लंघनों में स्टोरेज स्ट्रक्चर, लोहे के अस्थायी ढांचे, अन्य अस्थायी शेड्स और नियमों के विरुद्ध दुकानें शामिल हैं।
रोजाना लगेगा भारी जुर्माना
नियमों के उल्लंघन के मामले में चंडीगढ़ एस्टेट रूल्स-2007 और कैपिटल ऑफ पंजाब (डेवलपमेंट एंड रेगुलेशन) एक्ट-1952 के तहत कार्रवाई की गई है। प्रशासन ने यह भी निर्देश दिया है कि सुधार न होने पर अब 8 रुपये प्रति स्क्वॉयर फीट प्रतिदिन के हिसाब से जुर्माना वसूला जाएगा। संपदा विभाग ने रविवार को मौके पर पहुंचकर वॉयलेशन हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी।








