पठानकोट पुलिस का नशे के खिलाफ कड़ा एक्शन, दो दिन में लगभग 10 किलो हेरोइन बरामद; एसएसपी मनमीत सिंह ने दी जानकारी
पंजाब पुलिस ने नशे के सौदागरों के खिलाफ अपना एक्शन मोड तेज कर दिया है। पिछले दो दिनों में पठानकोट पुलिस पूरी तरह एक्टिव मोड में नजर आ रही है, जिसके तहत पिछले दो दिनों में लगभग ढाई किलो के करीब हेरोइन बरामद की गई है। इसके अलावा आज दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जिनके पास से 7 किलो के करीब हेरोइन बरामद की गई है। लगभग दो दिनों में ही 10 किलो के करीब हेरोइन बरामद होने से यह साफ दिखाई दे रहा है कि पठानकोट पुलिस द्वारा पिछले कुछ दिनों में कई बड़ी कार्रवाइयां की गई हैं।
इस पूरे मामले पर विस्तार से जानकारी देते हुए एसएसपी पठानकोट मनमीत सिंह ने बताया कि जो युद्ध नशे के विरुद्ध चल रहा है, उसे और अधिक तेज किया जा रहा है। जो लोग नशा बेच रहे हैं या समाज को खराब कर रहे हैं, उनके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में एक आरोपी को काबू किया गया जो क्रॉस-बॉर्डर हेरोइन की तस्करी कर पठानकोट और अन्य क्षेत्रों में सप्लाई करता था। सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान गुरवंत सिंह (निवासी बडाला पिंड, अमृतसर) के रूप में हुई है, जिसके कब्जे से पहले 500 ग्राम हेरोइन बरामद हुई थी।
इसके बाद की गई पूछताछ और तकनीकी विश्लेषण (टेक्निकल एनालिसिस) के आधार पर पुलिस ने आगे की लीड्स पर काम किया। डीएसपी और एसपी (डी) की अगुवाई में की गई छापेमारी के दौरान उस किराए के कमरे से 7 किलो 300 ग्राम हेरोइन और बरामद की गई, जहां वह रहता था। इस प्रकार कुल मिलाकर लगभग 7 किलो 800 ग्राम हेरोइन अब तक बरामद की जा चुकी है। इस मामले में आरोपी के साथ काम करने वाली एक महिला हरमनप्रीत कौर (निवासी गुरदासपुर, हाल निवासी ध्यानपुर कोटली, गुरदासपुर) को भी गिरफ्तार कर लिया गया है, जो इस धंधे में पूरी तरह शामिल थी।
पुलिस इस बात की गहराई से जांच कर रही है कि इस सप्लाई नेटवर्क का दायरा कहां तक फैला है और यह क्रॉस-बॉर्डर ड्रग्स पाकिस्तान से कितनी बार और किस तरीके से मंगाई गई है। पूछताछ में यह भी सामने आया है कि मुख्य आरोपी एक आदतन अपराधी (हैबिचुअल आेंडर) है और इसके खिलाफ पहले से ही एनडीपीएस एक्ट के तहत तीन अलग-अलग मामले दर्ज हैं। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि पठानकोट जिले में नशे के सौदागरों और उनके किसी भी कारोबार को पनपने नहीं दिया जाएगा। इस मुहिम के तहत आगे भी लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी ताकि युवाओं को बर्बाद होने से बचाया जा सके।












