पठानकोट में सड़क हादसे में दो फल विक्रेताओं की दर्दनाक मौत, अज्ञात वाहन की टक्कर से छाया मातम
पठानकोट: मिकपुर-सुंदरचक्क रोड पर गतोरा हाइडल नहर के पास हुए एक भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान मुकेश कुमार (33 वर्ष) और पिंकल गुप्ता (52 वर्ष) निवासी रायपुर कथलौर के रूप में हुई है। दोनों व्यक्ति पठानकोट की सब्जी मंडी में फल की फड़ी लगाकर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। मंगलवार सुबह करीब 4 बजे दोनों अपनी मोटरसाइकिल पर सवार होकर मंडी में फड़ी लगाने के लिए पठानकोट जा रहे थे। जैसे ही वे गतोरा हाइडल नहर के पास पहुंचे, किसी अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उनकी बाइक को जबरदस्त टक्कर मार दी।
हादसे का खुलासा मंगलवार सुबह करीब 6 बजे हुआ, जब वहां से गुजर रहे राहगीरों ने नहर के पास क्षतिग्रस्त मोटरसाइकिल के साथ दो लोगों को बेसुध अवस्था में देखा। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और मृतकों के परिजन मौके पर पहुंचे। 112 हेल्पलाइन की गाड़ी की मदद से दोनों को तुरंत सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस दुखद घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। मृतक मुकेश कुमार अपने दो भाइयों में बड़े थे और उनकी 3 साल की एक छोटी बेटी है, जबकि पिंकल गुप्ता अपने पीछे दो बच्चे छोड़ गए हैं।
मामले की जांच कर रही सुजानपुर थाना पुलिस ने मृतक मुकेश कुमार के पिता तरसेम लाल के बयानों के आधार पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने सिविल अस्पताल में दोनों शवों का पोस्टमार्टम करवाने के उपरांत उन्हें अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया है तथा फरार अज्ञात चालक की तलाश शुरू कर दी है।











