ढाकी ओवरब्रिज के पास बदहाल सर्विस लेन बनी जी का जंजाल: बड़े-बड़े गड्ढे और जलभराव से राहगीर और स्कूली बच्चे खतरे में
ढाकी फ्लाईओवर के पास ढाकी और रेलवे केंट की ओर जाने वाले मार्ग की सर्विस लेन काफी लंबे समय से जर्जर और बदहाल अवस्था में है, परंतु इसके बावजूद अभी तक इसका कोई भी स्थाई समाधान नहीं निकाला जा सका है. वर्तमान स्थिति यह है कि इस टूटी-फूटी सड़क पर पड़े गहरे गड्ढे और उनमें भरा पानी लोगों को दुर्घटनाओं का खुला निमंत्रण दे रहा है. बारिश के दिनों में जलभराव के कारण गड्ढों की गहराई का अनुमान लगाना असंभव हो जाता है, जिससे अनजान राहगीर गिरकर गंभीर रूप से चोटिल हो रहे हैं.
इस रास्ते के आसपास रहने वाले स्थानीय नागरिकों और रोजाना आवागमन करने वाले लोगों का जीना मुहाल हो गया है, विशेषकर स्कूल जाने वाले छोटे बच्चों के लिए यह मार्ग किसी खतरे से खाली नहीं है. आए दिन इस मार्ग से गुजरने वाले दोपहिया वाहन, चार पहिया वाहन और ऑटो चालक संतुलन बिगड़ने के कारण डगमगाते नजर आते हैं, जिससे स्कूटर व साइकिल चालकों के फिसलने या वाहन पलटने का अंदेशा हर पल बना रहता है.
स्थानीय जनता लंबे समय से इस मार्ग की सूरत बदलने और उचित मरम्मत की मांग कर रही है ताकि लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके. अब यह देखना बेहद अहम होगा कि इस प्रमुख समस्या के उजागर होने के बाद संबंधित विभाग और प्रशासन कितनी जल्दी हरकत में आता है और आम जनता को इस नरकीय जीवन से निजात दिलाता है.











