पठानकोट में मुंशी की संदिग्ध हालात में गोली लगने से मौत
पठानकोट में एक मुंशी की नाइट ड्यूटी के दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से मौत का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान एल.आर.ए.एस.आई. राम सिंह (नंबर 716, पठानकोट) के रूप में हुई है।
घटना के संबंध में मिली जानकारी के मुताबिक, राम सिंह रात के समय अपनी ड्यूटी पर तैनात थे। सुबह जब वह अपनी राइफल साफ कर रहे थे, उस दौरान अचानक उनका स्ट्राइकर दबा और सफाई के वक्त गोली सीधी उनकी छाती में जा लगी, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने फॉरेंसिक लैब को भी जांच के आदेश दे दिए हैं। मृतक की डेड बॉडी को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल में रखवाया गया है, और पुलिस द्वारा धारा 174 के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।











