AMI News: सैली रोड और एनवायरनमेंट पार्क मार्ग का निर्माण कार्य शुरू, एक सप्ताह में पूरा होने की उम्मीद
कुछ समय पहले सैली रोड से एनवायरनमेंट पार्क और पुराने इनकम टैक्स ऑफिस की ओर जाने वाले रास्ते की खस्ताहाल स्थिति को लेकर खबर प्रमुखता से दिखाई गई थी, जिसमें सड़क की बदहाली को उजागर किया गया था। इस सड़क के निर्माण के लिए टेंडर काफी समय पहले पास हो चुका था, लेकिन ठेकेदार का तर्क था कि जमीन में नमी (मॉइश्चर) होने के कारण कार्य शुरू नहीं हो पा रहा था। हालांकि, अब जमीनी हालात में सुधार के बाद आखिरकार सैली रोड का निर्माण कार्य युद्धस्तर पर शुरू कर दिया गया है।
मौके पर काम कर रहे लोगों के अनुसार, इस निर्माण कार्य को आगामी एक सप्ताह के भीतर पूरा किए जाने की पूरी उम्मीद है। सैली रोड से एनवायरनमेंट पार्क की तरफ जाने वाला रास्ता और वही मार्ग जो पुराने इनकम टैक्स ऑफिस की ओर मुड़ता है, इस पूरे मार्ग के निर्माण से स्थानीय लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
संबंधित विभाग (इम्प्रूवमेंट ट्रस्ट) इस मामले में सक्रिय जरूर हुआ है, लेकिन अब यह देखना होगा कि क्या यह सिर्फ कागजी खानापूर्ति है या विकास कार्यों की एक वास्तविक शुरुआत। साथ ही, यह भी सवाल बना हुआ है कि क्या शहर के अन्य हिस्सों में भी विकास कार्य इतनी ही तीव्रता से हो पाएंगे।











