पठानकोट में 1 लाख रुपये के कर्ज के विवाद में महिला की निर्मम हत्या, चक्की दरिया से मिला शव और दोनों आरोपी गिरफ्तार
पठानकोट में एक लाख रुपये उधार मांगने पर किरण नामक महिला की बेरहमी से हत्या कर दी गई। मुख्य आरोपी और उसके रिश्तेदार ने मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया और हत्या के बाद शव को हिमाचल प्रदेश के चक्की दरिया में फेंक दिया। थाना डिवीजन नंबर 2 की पुलिस ने इस मामले में तत्परता दिखाते हुए दोनों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
मृतका के बेटे संदीप सिंह, जो कि ढांगू रोड (पठानकोट) के पास रहते हैं, उन्होंने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी माता किरण 8 सितंबर की शाम करीब 7:30 बजे बिना बताए घर से कहीं चली गई थीं। काफी तलाश करने के बाद भी जब उनका कोई सुराग नहीं मिला, तो उन्होंने थाना डिवीजन नंबर 2 में उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। इसी बीच उन्हें सूचना मिली कि 9 सितंबर को हिमाचल प्रदेश के डमटाल थाना क्षेत्र के अंतर्गत चक्की दरिया से एक महिला का शव बरामद हुआ है। संदीप ने डमटाल पहुंचकर तस्वीरों और अन्य साक्ष्यों के जरिए शव की शिनाख्त अपनी माता किरण के रूप में की।
संदीप ने पुलिस को खुलासा किया कि आरोपी अशरफ अली, जो कि मूल रूप से गुरदासपुर का रहने वाला है और फिलहाल त्रेहटी हरियाला (पठानकोट) में रहता है, उसने माता किरण से 1 लाख रुपये उधार ले रखे थे। जब किरण अपने पैसे वापस मांगती थीं, तो अशरफ पैसे लौटने के बजाय अपने रिश्तेदार बशीर दीन, निवासी टिपरी लोधवां (हिमाचल प्रदेश) के जरिए उन्हें लगातार धमकियां दिलवाता था।
उधार की रकम हड़पने की नीच साजिश के तहत 8 सितंबर को अशरफ अली और बशीर दीन ने मिलकर किरण को घर से बाहर बुलाया और उन पर जानलेवा हमला कर उनकी हत्या कर दी। हत्या को अंजाम देने के बाद उन्होंने साक्ष्य छुपाने के इरादे से शव को चक्की दरिया में फेंक दिया था।
पुलिस ने इस संगीन मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1), 3(5) और आईपीसी की धारा 302, 34 के तहत 29 सितंबर की रात को मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।











