पठानकोट के सरकारी प्राइमरी स्कूल में चोरों का तांडव: ताले तोड़कर नल, सीसीटीवी कैमरे और पानी की टूटियां- चुराईं
पठानकोट के मिशन रोड स्थित गवर्नमेंट प्राइमरी स्कूल (शिक्षा के मंदिर) में चोरी की एक हैरान करने वाली वारदात सामने आई है। चोरों ने स्कूल के ताले तोड़कर वहां भारी तोड़फोड़ की और स्कूल के कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। इस घटना से स्कूल प्रशासन और स्थानीय लोगों में गहरी चिंता और रोष पाया जा रहा है।
स्कूल के प्रिंसिपल ने जानकारी देते हुए बताया कि सुबह जब सफाई कर्मचारी स्कूल पहुंचे तो उन्होंने मुख्य गेट और कमरों के ताले टूटे हुए देखे। चोरों ने शातिर तरीके से स्कूल के सभी सीसीटीवी कैमरों की तारें और बिजली के इनवर्टर के कनेक्शन काट दिए, ताकि उनकी हरकत रिकॉर्ड न हो सके। इसके अलावा चोर स्कूल परिसर में लगे वाटर कूलर, वॉशबेसिन, वॉशरुम की पानी की टोटियां और साइंस लैब का ताला तोड़कर अंदर रखा सामान व नलियां भी अपने साथ ले गए।
इस पूरी चोरी और तोड़फोड़ के कारण स्कूल को लगभग 15 से 20 हजार रुपये का भारी नुकसान हुआ है।
स्कूल प्रबंधन का मानना है कि इस वारदात के पीछे किसी ऐसे व्यक्ति का हाथ हो सकता है जिसे स्कूल के चप्पे-चप्पे की पूरी जानकारी हो, क्योंकि चोरों ने जिस प्रकार कैमरों और बिजली की लाइनों को निशाना बनाया है, वह किसी सुनियोजित साजिश की तरफ इशारा करता है। घटना के संबंध में पुलिस थाने में औपचारिक शिकायत दर्ज करवा दी गई है। अब इलाके के लोगों और स्कूल प्रशासन की निगाहें पुलिस पर टिकी हैं कि वे जल्द से जल्द इस वारदात को अंजाम देने वाले चोरों को पकड़कर सख्त कानूनी कार्रवाई करें।












