दीनानगर और आसपास के इलाकों में आज 8 घंटे रहेगा बिजली का कट, दिल्ली-कटड़ा एक्सप्रेस-वे निर्माण के चलते लिया गया शटडाउन
दिल्ली-कटड़ा एक्सप्रेस-वे के निर्माण कार्य के चलते दीनानगर और आसपास के कई इलाकों में आज लगभग 8 घंटे तक बिजली आपूर्ति प्रभावित रहेगी। पंजाब स्टेट पावर कारपोरेशन लिमिटेड (पावरकॉम) के गुरदासपुर हलके की ओर से जारी जानकारी के अनुसार 66 केवी सरना-दीनानगर सर्किट-1 और सर्किट-2 लाइनों पर रोड क्रासिंग के दौरान स्ट्रिंगिंग और सेगिंग का तकनीकी काम किया जाना है।
विभाग की ओर से जारी सूचना के मुताबिक इस काम को सुरक्षित ढंग से पूरा करने के लिए संबंधित 66 केवी और 11 केवी लाइनों पर सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक बिजली का शटडाउन लिया जाएगा। इस कारण दीनानगर समेत आसपास के कई गांवों और शहरी क्षेत्रों के बिजली उपभोक्ताओं को दिन के समय बिजली कट का सामना करना पड़ सकता है। विभाग के अनुसार 66 केवी सब-स्टेशनों में दीनानगर, गोविंदसर, तारागढ़, घरोटा, मीरथल, नंगल भूर, डेहरीवाल और एयर फोर्स स्टेशन सब-स्टेशन शामिल हैं। इसके अलावा 11 केवी फीडर से जुड़े क्षेत्र भी प्रभावित रहेंगे।
पावरकॉम अधिकारियों ने बताया कि एक्सप्रेस-वे निर्माण के दौरान बिजली लाइनों की सुरक्षा और जरूरी तकनीकी काम को पूरा करने के लिए यह शटडाउन लिया जा रहा है। विभाग ने उपभोक्ताओं से सहयोग करने की अपील की है।











