बटाला के पास हमला: अमृतसर से पठानकोट जा रहे पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत बिट्टू के काफिले पर पथराव, अंडे और टमाटर फेंके गए।
पठानकोट/बटाला:पंजाब में भारतीय जनता पार्टी (BJP) की बहुप्रतीक्षित ‘नशा मुक्त पंजाब यात्रा’ शुरू होने से ठीक पहले सियासत गरमा गई है。 यात्रा में शामिल होने जा रहे पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री और पूर्व सीएम बेअंत सिंह के पोते रवनीत सिंह बिट्टू के काफिले पर बटाला के पास जोरदार हमला हुआ है। हमलावरों ने गाड़ियों के शीशे तोड़ दिए तथा उन पर अंडे और टमाटर फेंके गए।
घटनाक्रम:
बिट्टू अमृतसर से पठानकोट जा रहे थे। जब उनका काफिला बटाला के घासीपुर स्टेशन के पास पहुँचा, तो आम आदमी पार्टी (AAP) के फतेहगढ़ चूड़ियां से विधानसभा सीट इंचार्ज जोबन रंधावा के कार्यालय के पास कुछ लोगों ने उन्हें घेर लिया।
सुरक्षा कारणों से घर में लेनी पड़ी शरण:
स्थिति बिगड़ती देख रवनीत बिट्टू के सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत उनके वाहन को हाईवे पर रुकवाया और उन्हें सुरक्षित पास के एक घर में पहुँचाया। बिट्टू की सुरक्षा टीम ने सतर्कता दिखाते हुए कुछ आरोपियों को मौके पर ही दबोच लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। घटना के बाद रवनीत बिट्टू ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और पंजाब के डीजीपी को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी है तथा आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
AAP और बीजेपी के अपने-अपने दावे:
घटना के बाद आम आदमी पार्टी (AAP) और बीजेपी आमने-सामने आ गए हैं। आप नेता जोबन रंधावा के पक्ष से सफाई दी गई कि विरोध प्रदर्शन उसी काफिले में चल रहे राज्यसभा सांसद संदीप पाठक का किया जा रहा था, और रवनीत बिट्टू पर हमले का कोई इरादा नहीं था। वहीं, आप सांसद राघव चड्ढा ने कहा कि आम आदमी पार्टी डरी हुई नहीं है, बल्कि यह घटना पंजाब की कानून-व्यवस्था (Law & Order) पर बड़ा सवालिया निशान खड़े करती है कि Z+ सुरक्षा वाले पूर्व मंत्री के साथ ऐसी घटना हो सकती है तो आम नागरिक का क्या हाल होगा।
4000 किलोमीटर लंबी ‘नशा मुक्त पंजाब यात्रा’ शुरू:
इन तमाम विवादों और हंगामे के बीच बीजेपी की नशा मुक्त पंजाब यात्रा निर्धारित कार्यक्रम के तहत शुरू हो चुकी है। यह यात्रा 18 से 30 सितंबर तक यानी कुल 13 दिनों तक चलेगी। इसके तहत चार रथ यात्राएं प्रदेश की सभी 117 विधानसभा सीटों तक पहुंचेंगी और करीब 4000 किलोमीटर का सफर तय करेंगी। भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने पठानकोट के माधोपुर एकता स्थल से पहली यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया है। इस यात्रा का समापन 30 सितंबर को जालंधर में होगा, जहाँ केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की एक विशाल रैली आयोजित की जाएगी।











