फेसबुक पर कार बेचने का विज्ञापन डालकर ठगी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, टेस्ट ड्राइव के बहाने कार लेकर हुए थे फरार
पठानकोट के सरना क्षेत्र में फेसबुक पर कार बेचने का विज्ञापन डालकर ठगी करने का एक मामला सामने आया है। अजय कुमार नाम के व्यक्ति, जो सरना में सैलून का काम करता है, ने अपनी कार बेचने के लिए फेसबुक पर एक विज्ञापन डाला था। इस विज्ञापन को देखकर धारीवाल के रहने वाले दो युवकों ने उससे संपर्क किया और कार खरीदने की इच्छा जताई।
आरोपी टेस्ट ड्राइव के बहाने अजय कुमार की कार लेकर रफूचक्कर हो गए। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामला दर्ज किया और एसएसपी पठानकोट के दिशा-निर्देशों के तहत एक विशेष टीम का गठन किया। इस टीम में एसएचओ वरविंदर मान और इंस्पेक्टर मनदीप मल्होत्रा को शामिल किया गया।
तकनीकी टीम की मदद से पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान प्रीतपाल सिंह (निवासी अहमदबाद, धारीवाल) और संदीप सिंह (निवासी देवीदासपुरा, धारीवाल) के रूप में हुई है। पुलिस फिलहाल दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और लूटी गई कार को बरामद करने के लिए आवश्यक कार्रवाई जारी है।












