नूरपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 18.78 ग्राम चिट्टे के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार, दो मोटरसाइकिलें जब्त
सुनील कुमार, नूरपुर: नूरपुर पुलिस ने मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ छेड़े गए अभियान के तहत पिछले 24 घंटों में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस जिला नूरपुर के तहत सीआईए टीम और स्थानीय पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए कुल 18.78 ग्राम हैरोइन (चिट्टा) बरामद की है और तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मामलों में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिलें भी कब्जे में ले ली हैं।
पहला मामला: डमटाल में 10.62 ग्राम चिट्टे के साथ तस्कर दबोचा
पुलिस थाना डमटाल क्षेत्र के अंतर्गत सीआईए नूरपुर की टीम ने सटीक सूचना के आधार पर भदरोया क्षेत्र में कार्रवाई की। टीम ने गुरु रविदास मंदिर लिंक रोड पर रेलवे अंडरब्रिज के पास दबिश देकर एक टीवीएस रेडर मोटरसाइकिल (संख्या HP 97A 7694) की तलाशी ली। इस दौरान वाहन की सीट के नीचे से 10.62 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।
पुलिस ने मौके से आरोपी मुनीष कुमार उर्फ मन्नू (पुत्र तिलक राज, निवासी भदरोया, तहसील इंदौरा, उम्र 26 वर्ष) को हिरासत में लिया। आरोपी के खिलाफ पुलिस थाना डमटाल में एनडी एंडपीएस एक्ट (ND&PS Act) की धारा 21 और 25 के तहत प्राथमिकी संख्या 145/2026 दर्ज कर ली गई है।
दूसरा मामला: जसूर में दो संदिग्धों से 08.16 ग्राम हेरोइन बरामद
दूसरे मामले में पुलिस थाना नूरपुर क्षेत्र के तहत मध्यरात्रि सीआईए टीम ने जसूर के पुराने बस स्टैंड के पास कार्रवाई को अंजाम दिया। पुख्ता सूचना के आधार पर एक रॉयल एनफील्ड मोटरसाइकिल की चेकिंग की गई, जिसमें सीट के नीचे छिपाकर रखी गई 08.16 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। इस मामले में पुलिस ने राहुल सहित दो व्यक्तियों को हिरासत में लिया है। पुलिस थाना नूरपुर में एनडी एंडपीएस एक्ट की धारा 21 और 29 के तहत प्राथमिकी संख्या 232/2026 दर्ज कर आगामी छानबीन शुरू कर दी गई है।
24 घंटे में तीन बड़ी कार्रवाइयां, पुलिस का जीरो टॉलरेंस रुख
नूरपुर पुलिस द्वारा पिछले 24 घंटों के भीतर नशा तस्करों पर तीन बड़ी चोट की गई हैं। इन मामलों से पहले एक अंतरराज्यीय रूट के सरकारी बस चालक को 3.700 किलोग्राम चूरा पोस्त के साथ पकड़ा जा चुका है, जबकि ताजा मामलों में 18.78 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ है।
कार्यालय पुलिस अधीक्षक, पुलिस जिला नूरपुर की ओर से जारी बयान में स्पष्ट किया गया है कि क्षेत्र में नशे के अवैध कारोबार के प्रति ‘जीरो टॉलरेंस’ (Zero Tolerance) की नीति अपनाई जा रही है। युवा पीढ़ी को नशे की दलदल से बचाने और इस अवैध व्यापार की पूरी सप्लाई चेन को ध्वस्त करने के लिए नूरपुर पुलिस का यह अभियान आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा।












