कांगड़ा में महसूस किए गए भूकंप के झटके, धर्मशाला के पास करेरी था केंद्र
कांगड़ा
हिमाचल प्रदेश के जिला कांगड़ा में मंगलवार शाम धरती एक बार फिर डोली। शाम 5 बजकर 28 मिनट पर धर्मशाला के नजदीक स्थित करेरी गांव में भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए।
मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक, इस भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 2.10 मापी गई। राहत की बात यह रही कि भूकंप का केंद्र जमीन से महज 5 किलोमीटर की गहराई में होने और इसकी तीव्रता बेहद कम होने के कारण किसी भी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है।
प्रशासन ने क्षेत्र में पूरी स्थिति पर नजर बनाए रखी है और लोगों से अपील की है कि वे ऐसी स्थिति में अफवाहों से बचें तथा सतर्क रहें। कम तीव्रता के ऐसे झटके इस क्षेत्र में टेक्टोनिक गतिविधियों के लिहाज से सामान्य माने जाते हैं, लेकिन जिला प्रशासन ने एहतियात के तौर पर आपदा प्रबंधन टीमों को अलर्ट पर रखा है।











