राष्ट्रीय राजमार्ग के पास जंगल में मिला सड़-गल चुका शव, क्षेत्र में फैली सनसनी
डमटाल:थाना डमटाल के अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग के समीप जंगल में एक व्यक्ति का शव गली-सड़ी अवस्था में मिलने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। आशंका जताई जा रही है कि शव काफी लंबे समय से जंगल में पड़ा हुआ था, जिसके चलते उसकी पहचान करना फिलहाल बेहद मुश्किल हो गया है।
पुलिस मौके पर, जांच शुरू
जानकारी के अनुसार, डमटाल पुलिस को राष्ट्रीय राजमार्ग के पास जंगल में शव पड़े होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही इंदौरा के डीएसपी संजीव कुमार यादव और डमटाल थाना पुलिस की टीम तुरंत दल-बल के साथ मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। मृतक की गंभीर हालत को देखते हुए मौके पर फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा राज
फिलहाल पुलिस मृतक की पहचान स्थापित करने के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है। साथ ही यह पता लगाने की कोशिश भी जारी है कि मौत किन परिस्थितियों में हुई और यह शव जंगल तक कैसे पहुंचा। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम और फोरेंसिक जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल मामले में आगे की जांच और कार्रवाई जारी है।












