पंजाब में राजनीतिक सरगर्मी तेज: अंदरूनी कलह के बीच राहुल गांधी जल्द शुरू करेंगे बस यात्रा, 25-30 हलकों को कवर करने की तैयारी
पंजाब कांग्रेस में चल रही अंदरूनी खींचतान और गुटबाजी के बीच पार्टी ने जमीनी स्तर पर अपनी पकड़ मजबूत करने की तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी के तहत कांग्रेस नेता राहुल गांधी जल्द ही राज्य में एक विशेष बस यात्रा की शुरुआत करने जा रहे हैं।
इस संबंध में जानकारी देते हुए पंजाब कांग्रेस मामलों के प्रभारी भूपेश बघेल ने बताया कि राहुल गांधी के साथ पंजाब के राजनीतिक हालात और आगामी रणनीतियों पर विस्तार से चर्चा की गई है। योजना के अनुसार, यह बस यात्रा लगभग 135 किलोमीटर लंबी होगी, जिसके जरिए पंजाब के तीनों प्रमुख क्षेत्रों—माझा, मालवा और दोआबा—को जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
इस पूरी यात्रा के दौरान राज्य के लगभग 25 से 30 विधानसभा हलकों को कवर करने की योजना है, ताकि पार्टी नेतृत्व सीधे तौर पर स्थानीय कार्यकर्ताओं और जनता से जुड़ सके। हालांकि यात्रा की अंतिम तारीख और आधिकारिक रूट चार्ट का ऐलान अभी बाकी है, लेकिन पार्टी सूत्रों के संकेत हैं कि यह यात्रा अगले हफ्ते से शुरू हो सकती है। कांग्रेस की कोशिश है कि इस यात्रा के माध्यम से आपसी मतभेदों को भुलाकर संगठन को बूथ और जमीनी स्तर पर दोबारा मजबूत किया जाए।











