चंबा में खाद्य सुरक्षा विभाग सख्त: बाजार में एनालॉग पनीर की बिक्री पर रहेगी पैनी नजर
जितेंद्र मेहरा,चंबा:चंबा जिले में लोगों की सेहत के साथ खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा विभाग ने अब पूरी तरह से कमर कस ली है। बाजार में धड़ल्ले से खप रहे एनालॉग पनीर (नकली/कृत्रिम पनीर) और मिलावटी दुग्ध उत्पादों की बिक्री पर रोक लगाने के लिए विभाग ने सख्त तेवर अपनाए हैं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि तय मानकों की अनदेखी करने वाले कारोबारियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
क्वालिटी को लेकर विभाग सतर्क
आम जनता की थाली तक पहुंचने वाले पनीर और अन्य दुग्ध उत्पादों की शुद्धता को सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने जिले भर में औचक निरीक्षण और जांच अभियान तेज कर दिया है। विभाग का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि उपभोक्ताओं को उच्च गुणवत्ता और पूरी तरह सुरक्षित खाद्य सामग्री मिले।
दुकानदारों और होटल संचालकों के लिए निर्देश
खाद्य सुरक्षा विभाग ने जिले के सभी दुकानदारों, होटल मालिकों और अन्य खाद्य कारोबारियों को सख्त निर्देश जारी किए हैं कि वे केवल निर्धारित मानकों के अनुरूप ही खाद्य सामग्री की बिक्री करें। इसके साथ ही, आम जनता और उपभोक्ताओं से भी अपील की गई है कि वे बाजार से पनीर या अन्य डेयरी उत्पाद खरीदते समय उनकी गुणवत्ता, पैकेजिंग और उस पर दिए गए लेबल की पूरी जानकारी अवश्य जांच लें।
अधिकारियों का पक्ष
“खाद्य सुरक्षा मानकों पर खरा न उतरने वाले एनालॉग पनीर की बिक्री किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। लोगों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वाले नियमों की अनदेखी करने वाले कारोबारियों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।”
— दीपक आनंद, असिस्टेंट कमिश्नर, फूड एंड सेफ्टी विभाग, चंबा।












