पंजाब: बॉर्डर के पास अजनाला के जट्टा गांव में घर पर ग्रेनेड हमला, दो महिलाओं समेत तीन घायल; इलाके में फैली सनसनी
- अमृतसर के सीमावर्ती क्षेत्र में असामाजिक तत्वों की बड़ी साजिश बेनकाब
- मोटरसाइकिल सवार दो अज्ञात हमलावरों ने घर को बनाया निशाना
स्थानीय लोगों और नेताओं ने कानून-व्यवस्था पर उठाए गंभीर सवाल
अमृतसर/अजनाला:भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास बसे पंजाब के अमृतसर जिले के अजनाला (रामदास थाना क्षेत्र) के जट्टा गांव में देर रात हुई एक सनसनीखेज घटना से पूरा इलाका दहल उठा। सीमावर्ती क्षेत्र के इस गांव में एक घर को निशाना बनाकर दो ग्रेनेड फेंके गए, जिससे ज़ोरदार धमाके हुए। इस खतरनाक हमले में परिवार के तीन लोग घायल हो गए हैं।
मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए थे हमलावर
प्रत्यक्षदर्शियों और पीड़ित परिवार के अनुसार, रात के समय दो अज्ञात बदमाश मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए थे। उन्होंने सुनियोजित तरीके से घर के अंदर ग्रेनेड फेंका। धमाके की आवाज़ सुनते ही जब परिवार का एक सदस्य बाहर आया और हमलावरों का पीछा करने की कोशिश की, तो बदमाशों ने दहशत फैलाने के लिए दूसरा ग्रेनेड भी मुख्य दरवाजे की तरफ उछाल दिया और मौके से फरार हो गए।
धमाके से घर की खिड़कियां और गाड़ियां टूटीं
इस भीषण हमले की चपेट में आने से घर में मौजूद दो महिलाएं और एक पुरुष गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां एक घायल का इलाज गुरु नानक देव अस्पताल में चल रहा है। धमाके की तीव्रता इतनी अधिक थी कि घर के दरवाजे और खिड़कियां पूरी तरह टूट गईं, वहीं बाहर खड़ी गाड़ियों को भी भारी नुकसान पहुंचा है।
पहली बार हुई ऐसी घटना, परिवार अनजान
पीड़ित परिवार का कहना है कि उनकी किसी से कोई पुरानी रंजिश नहीं थी और न ही उन्हें पहले कभी किसी तरह की धमकी या रंगदारी का कॉल आया था। गांव के इतिहास में इस तरह की यह पहली घटना है, जिससे ग्रामीणों में भारी दहशत और असुरक्षा का माहौल है।
पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां सतर्क
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को सील कर दिया। घटनास्थल से बरामद ग्रेनेड के अवशेषों को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। सीमावर्ती इलाका होने के चलते तमाम सुरक्षा एजेंसियां भी इस मामले को बेहद गंभीरता से ले रही हैं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके और उनके भागने के रास्तों का पता लगाया जा सके।
अकाली नेता जोध सिंह समरा ने उठाए सवाल
घटना के बाद राजनीतिक हलकों में भी प्रतिक्रियाएं तेज हो गई हैं। अकाली नेता और हलका इंचार्ज जोध सिंह समरा ने पंजाब की कानून-व्यवस्था की स्थिति पर तीखे सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि बॉर्डर एरिया के किसी रिहायशी घर पर इस तरह दो ग्रेनेड फेंका जाना बहुत गंभीर और चिंताजनक मामला है। समरा ने आरोप लगाया कि सीमावर्ती क्षेत्रों में पहले से ही ड्रग्स की बड़ी चुनौती बनी हुई है और अब इस तरह की आपराधिक वारदातें लोगों की सुरक्षा पर बड़ा प्रश्नचिह्न लगा रही हैं। उन्होंने पुलिस और प्रशासन से मांग की है कि हमलावरों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए और इस बड़ी साजिश के असली चेहरों को बेनकाब किया जाए।
फिलहाल, पुलिस गहनता से मामले की जांच कर रही है और जांच के बाद ही हमले के असली कारणों और इसके पीछे छिपे साजिशकर्ताओं का खुलासा हो पाएगा।











