सीएम दी योगशाला: पंजाब सरकार की पहल से घर-घर पहुँच रहा योग का लाभ
पठानकोट: पंजाब के मुख्यमंत्री स. भगवंत सिंह मान जी की पहल ‘सीएम दी योगशाला’ के माध्यम से पंजाब के गांव-गांव और शहर-शहर तक निशुल्क योग सेवाएं पहुंचाई जा रही हैं। इस पहल का उद्देश्य लोगों को नियमित योगाभ्यास से स्वस्थ एवं निरोगी जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है। लोगों द्वारा इस पहल की सराहना की जा रही है और कई सदस्य नियमित योगाभ्यास से अपने स्वास्थ्य में सकारात्मक बदलाव महसूस कर रहे हैं।
इसी क्रम में जिला समन्वयक श्रीमती सुरक्षा शुक्ला जी ने पठानकोट के वार्ड नंबर 38 स्थित रामलीला पार्क, म्युनिसिपल कॉलोनी, कॉलेज रोड का दौरा किया। उन्होंने वहां चल रही योग कक्षा की जानकारी ली और सदस्यों से योगाभ्यास तथा उन्हें मिल रहे लाभों के बारे में बातचीत की। उन्होंने बताया कि यदि किसी क्षेत्र में लोग योग कक्षा शुरू करवाना चाहते हैं तो 25 लोगों का समूह बनाकर वहां निशुल्क योग कक्षा शुरू करवाई जा सकती है।
इस स्थान पर सुबह 6:45 से 7:45 बजे तक योग प्रशिक्षक पारुल शर्मा द्वारा नियमित योग कक्षा संचालित की जा रही है। कक्षा में शामिल जतिंदर चोपड़ा जी ने कहा कि पंजाब सरकार की यह पहल बहुत सराहनीय है, क्योंकि इससे आम लोगों को बिना किसी शुल्क के योग सीखने और अपने स्वास्थ्य पर ध्यान देने का अवसर मिल रहा है।
वहीं संजय महाजन जी ने बताया कि नियमित योगाभ्यास, विशेष रूप से प्राणायाम, से उन्हें काफी लाभ मिला है। उन्होंने प्रशिक्षक पारुल शर्मा की सराहना करते हुए कहा कि वह पूरी लगन और समर्पण के साथ कक्षा करवाती हैं तथा सदस्यों को सही तरीके से अभ्यास करवाने पर विशेष ध्यान देती हैं।

इस दौरान उपस्थित अन्य सदस्यों ने भी जिला समन्वयक श्रीमती सुरक्षा शुक्ला जी के समक्ष अपने अनुभव साझा किए और अधिक क्षेत्रों में योग कक्षाएं शुरू करने की इच्छा व्यक्त की। सदस्यों ने स. भगवंत सिंह मान जी और पंजाब सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ‘सीएम दी योगशाला’ जैसी पहल लोगों को स्वस्थ जीवनशैली की ओर प्रेरित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
जिला समन्वयक श्रीमती सुरक्षा शुक्ला जी ने लोगों को अधिक से अधिक संख्या में योग से जुड़ने का संदेश दिया और कहा कि ‘सीएम दी योगशाला’ का उद्देश्य योग को हर व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने लोगों से अपने आसपास के क्षेत्रों में 25 लोगों का समूह बनाकर इस निशुल्क सुविधा का लाभ उठाने की अपील की।

यदि आप अपने आसपास के क्षेत्र में ‘सीएम दी योगशाला’ की निशुल्क कक्षा शुरू करवाना चाहते हैं या अपने क्षेत्र में पहले से संचालित योग कक्षा की जानकारी प्राप्त करना चाहते हैं, तो टोल-फ्री नंबर 7669400500 पर संपर्क करें।









