वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

AMI NEWS: बाड़ी प्राइमरी स्कूल में मिड-डे मील की खीर खाने से 30-40 बच्चे बीमार, सीएचसी पतलीकूहल में इलाज जारी

वाड़ी में मिड-डे मील की खीर खाने से 30-40 बच्चे बीमार, सीएचसी पतलीकूहल में उपचार जारी

पतलीकूहल (कुल्लू):राजकीय प्राथमिक पाठशाला बाड़ी में मंगलवार को मिड-डे मील में परोसी गई खीर खाने के बाद करीब 30 से 40 बच्चों की तबीयत अचानक बिगड़ गई। खीर खाने के बाद बच्चों को उल्टी, पेट दर्द और चक्कर आने की शिकायत होने लगी। हालत बिगड़ने पर प्रभावित बच्चों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पतलीकूहल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

​घर पहुंचते ही खराब हुई तबीयत

जानकारी के अनुसार, प्रभावित बच्चे बाड़ी, जैंडी, बशकोला, रंखड़ू और बाजगाड़ी सहित आसपास के गांवों के रहने वाले हैं। परिजनों ने बताया कि बच्चों ने दोपहर में स्कूल में खीर खाई थी। शाम करीब चार बजे छुट्टी के बाद जब बच्चे घर पहुंचे, तो उनकी तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। वहीं, कुछ बच्चों के स्कूल परिसर के बाहर ही बेहोशी की हालत में गिरने की भी खबर है।

​स्थानीय प्रतिनिधियों ने पहुंचाई मदद

घटना की सूचना मिलते ही पंचायत प्रधान कमलाकांत और उपप्रधान ललित तुरंत मौके पर पहुंचे और बच्चों को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की। बड़ी संख्या में बच्चों के अस्पताल पहुंचने की खबर फैलते ही परिजन भी घबराए हुए सीएचसी पतलीकूहल पहुंचे।

​फूड पॉइजनिंग या दूषित पानी की आशंका

सीएचसी पतलीकूहल में तैनात चिकित्सक डॉक्टर मोहित शर्मा ने बताया कि प्राथमिक जांच में मामला फूड पॉइजनिंग का प्रतीत हो रहा है। डॉक्टरों ने आशंका जताई है कि खीर में इस्तेमाल सामग्री या दूषित पानी भी इसकी वजह हो सकता है। हालांकि, असली वजह जांच रिपोर्ट आने के बाद ही साफ होगी। उधर, बीएमओ नग्गर डॉ. कर्ण ने बताया कि सभी बच्चों का उपचार जारी है और डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही है।

​विधायक ने जाना बच्चों का हाल, परिजनों ने मांगी जांच

मामले की जानकारी मिलते ही मनाली के विधायक भुवनेश्वर गौड़ ने अस्पताल पहुंचकर भर्ती बच्चों और उनके परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने डॉक्टरों से बच्चों की सेहत और उपचार व्यवस्था की पूरी जानकारी ली।

​घटना के बाद पूरे क्षेत्र में अभिभावकों के बीच चिंता और रोष का माहौल है। बच्चों के परिजनों—रामचंद, मुकेश कुमार, ईशांत, देवराज, हीरा लाल, मेहर चंद और सुनील ने मामले पर गहरी चिंता व्यक्त की है। अभिभावकों ने प्रशासन से मांग की है कि मिड-डे मील में इस्तेमाल की गई खाद्य सामग्री और पानी के सैंपल लेकर निष्पक्ष जांच करवाई जाए।

Ami News
Author: Ami News

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!