कुटलैहड़ के भरमौत में बड़ा हादसा टला: उफनते नाले को पार करते समय पानी के तेज बहाव में बहा युवक, बांस के झुंड में फंसने से बची जान
प्रशासन की चेतावनी: उफान पर नदी-नाले, जान जोखिम में डालकर न करें पार
ऊना/कुटलैहड़: हिमाचल प्रदेश के कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र में जारी मूसलाधार बारिश के बीच बुधवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। क्षेत्र की अरलू पंचायत के अंतर्गत आते भरमौत गांव में उफनते नाले को पार करने का प्रयास कर रहा 35 वर्षीय युवक पानी के तेज बहाव में बह गया। राहत की बात यह रही कि करीब 50 मीटर दूरी पर बहने के बाद युवक किनारे लगे बांस के झुंड में अटक गया, जिससे उसकी जान चमत्कारिक रूप से बच गई।
संतुलन बिगड़ने से नाले में बहा रिंपल
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना बुधवार सुबह करीब 8:30 बजे की है। भरमौत गांव निवासी रिंपल कुमार (35) गांव के दगडूं जोल नाले को पार करने की कोशिश कर रहा था। क्षेत्र में हुई भारी बारिश के कारण नाले का जलस्तर अचानक काफी बढ़ चुका था। पानी का वेग इतना तेज था कि नाले में कदम रखते ही रिंपल अपना संतुलन खो बैठा और तिनके की तरह बहने लगा।
ग्रामीणों ने मशक्कत कर निकाला बाहर
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि रिंपल पानी के तेज बहाव में करीब 50 मीटर तक बहता चला गया। इसी दौरान वह नाले के किनारे मौजूद बांस के एक झुंड में जाकर फंस गया। घटना की सूचना फैलते ही पूरे गांव में हड़कंप मच गया और स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने सूझबूझ और कड़ी मशक्कत के बाद युवक को सुरक्षित बाहर निकाला। नाले से निकालने के तुरंत बाद उसे प्राथमिक स्वास्थ्य उपचार दिया गया, जिसके बाद उसकी स्थिति सामान्य और खतरे से बाहर बताई जा रही है।
उपमंडल प्रशासन ने जारी किया अलर्ट
घटना का संज्ञान लेते हुए उपमंडल प्रशासन ने क्षेत्रवासियों के लिए एडवाइजरी जारी की है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि मानसून के दौरान क्षेत्र के सभी नदी-नाले उफान पर हैं, ऐसे में जान जोखिम में डालकर इन्हें पार न करें। अभिभावकों को विशेष हिदायत दी गई है कि वे बच्चों को जलस्रोतों से दूर रखें ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।











