फीस बढ़ोतरी के विरोध में एबीवीपी ने चंबा में निकाली रैली, सरकार के खिलाफ खोला मोर्चा
चंबा: हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा की गई फीस बढ़ोतरी के फैसले के खिलाफ अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने आर-पार की लड़ाई का ऐलान कर दिया है। मंगलवार को विद्यार्थी परिषद की चंबा इकाई ने जिला मुख्यालय में प्रदेश सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया और विशाल रैली निकालकर अपना विरोध जताया।
रैली के दौरान एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां लेकर और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए बढ़े हुए शुल्क को तुरंत वापस लेने की मांग की। कार्यकर्ताओं का कहना था कि फीस में किया गया इजाफा पूरी तरह से छात्र हितों के खिलाफ है।
आम परिवारों पर पड़ेगा अतिरिक्त आर्थिक बोझ
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद चंबा के कार्यकर्ता अर्पित जरियाल ने कहा कि शिक्षा हर विद्यार्थी का बुनियादी अधिकार है। सरकार द्वारा फीस बढ़ा दिए जाने से सबसे ज्यादा असर गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों से आने वाले छात्रों पर पड़ेगा। उन्होंने कहा कि आज के दौर में जब आम जनता पहले से ही महंगाई की मार झेल रही है, ऐसे में शिक्षा पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डालना बिल्कुल भी तर्कसंगत नहीं है।
फैसला वापस न लेने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी
एबीवीपी ने प्रदेश सरकार से मांग की है कि इस जनविरोधी फैसले पर तुरंत पुनर्विचार किया जाए और बढ़ी हुई फीस को वापस लिया जाए। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने साफ चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने छात्रों की मांगों पर ध्यान नहीं दिया और फीस बढ़ोतरी का फैसला वापस नहीं लिया, तो विद्यार्थी परिषद पूरे प्रदेश में अपने आंदोलन को और तेज करेगी तथा छात्र हितों के लिए सड़क से लेकर सदन तक लड़ाई लड़ेगी।












