लायंस क्लब पठानकोट मेन ने सैली रोड पर धूमधाम से मनाया स्वतंत्रता दिवस
पठानकोट :देश भर में स्वतंत्रता दिवस बड़ी धूमधाम और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। इसी कड़ी में पठानकोट के सैली रोड स्थित एनवायरनमेंट पार्क के पास लायंस क्लब पठानकोट मेन की ओर से एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में वाइस गवर्नर राजीव घोसला ने शिरकत की। कार्यक्रम की अगुवाई क्लब के प्रेसिडेंट विजय वर्मा, सेक्रेटरी शरणजीत सिंह, हरजीत सिंह और पंकज मेहता ने संयुक्त रूप से की।
ध्वजारोहण के अवसर पर लायंस क्लब के सदस्यों ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और तिरंगे को सलामी दी। उपस्थित सदस्यों ने देश की अखंडता बनाए रखने और तिरंगे की शान को सदैव ऊंचा रखने का संकल्प लिया। इसके बाद सदस्यों ने एक-दूसरे का मुंह मीठा करवाकर स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी।
इस अवसर पर प्रेसिडेंट विजय वर्मा और सेक्रेटरी शरणजीत सिंह ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल एक उत्सव नहीं है, बल्कि यह वीर शहीदों को नमन करने और समाज सेवा के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को दोहराने का दिन है। उन्होंने दोहराया कि लायंस क्लब हमेशा की तरह आगे भी समाज हित के कार्यों में तत्पर रहेगा।
कार्यक्रम के दौरान पूरा परिसर देशभक्ति के गीतों और ‘भारत माता की जय’ के नारों से गूंज उठा। इस मौके पर लायंस क्लब पठानकोट मेन के कई अन्य प्रमुख सदस्य भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।












