पीएम मोदी, अमित शाह और योगी आदित्यनाथ को जान से मारने की धमकी, प्राथमिकी दर्ज
रांची: झारखंड पुलिस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को जान से मारने की धमकी देने के आरोप में एक व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी (FIR) दर्ज की है। एक पुलिस अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।
यह मामला रांची जिले के नगड़ी पुलिस थाने में भाजपा नगड़ी मंडल अध्यक्ष रितेश राज महतो की शिकायत के आधार पर दर्ज किया गया है।
सोशल मीडिया पर वीडियो किया था पोस्ट
नगड़ी थाना प्रभारी अभिषेक राय के अनुसार, शिकायत में बताया गया है कि नगड़ी थाना क्षेत्र के साहेर गांव के रहने वाले अलीम अंसारी ने सोशल मीडिया पर एक बेहद आपत्तिजनक वीडियो पोस्ट किया था। इस वीडियो में उसने पीएम मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और सीएम योगी आदित्यनाथ के खिलाफ न सिर्फ अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल किया, बल्कि उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी।
सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास
शिकायतकर्ता रितेश राज महतो ने आरोप लगाया कि आरोपी ने इस तरह का भड़काऊ और आपत्तिजनक वीडियो पोस्ट करके क्षेत्र में सामाजिक सौहार्द और भाईचारे को बिगाड़ने का प्रयास किया है।
थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और मामले की गंभीरता को देखते हुए आगे की जांच शुरू कर दी गई है।











