चंबा: भरमौर में मोबाइल की दुकान से लाखों के फोन चोरी, सीसीटीवी कैमरे में कैद हुए दो संदिग्ध
- स्थान: चंबा / भरमौर
- संवाददाता: जितेंद्र मेहरा
भरमौर (चंबा): जनजातीय क्षेत्र चौरासी भरमौर के पुराना बस स्टैंड स्थित सूरज बेकरी की दूसरी मंजिल पर स्थित एक मोबाइल दुकान में बीती रात चोरी का मामला सामने आया है। अज्ञात चोरों ने रात करीब 1:30 बजे दुकान का ताला/सेंध लगाकर लाखों रुपये मूल्य के कीमती मोबाइल फोन और अन्य सामान पर हाथ साफ कर दिया और मौके से फरार हो गए।
घटना की जानकारी मिलते ही दुकान मालिक ने इसकी शिकायत पुलिस थाना भरमौर में दर्ज करवाई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
CCTV में कैद हुई पूरी वारदात
दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर दो अज्ञात व्यक्ति चोरी करते हुए दिखाई दिए हैं। फुटेज में स्पष्ट दिख रहा है कि एक आरोपी ने कपड़े से अपना चेहरा ढक रखा था, जबकि दूसरा आरोपी खुले चेहरे के साथ वारदात को अंजाम दे रहा था। पुलिस अब इन सीसीटीवी शॉट्स और फुटेज के आधार पर चोरों की सुरागकशी में जुट गई है।
व्यापार मंडल ने जताया रोष, व्यापारियों से की सतर्क रहने की अपील
घटना के बाद चौरासी व्यापार मंडल भरमौर के अध्यक्ष महिंद्र पटियाल ने सभी स्थानीय व्यापारियों से सतर्कता बरतने का आह्वान किया है। उन्होंने अपील की है कि यदि किसी भी व्यापारी के प्रतिष्ठान या आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में घटना से संबंधित कोई संदिग्ध व्यक्ति या वाहन दिखाई दे, तो उसकी सूचना तुरंत भरमौर पुलिस या व्यापार मंडल को दें ताकि आरोपियों को जल्द से जल्द पकड़ा जा सके।
मणिमहेश यात्रा के दृष्टिगत बढ़ाई जाए सुरक्षा
व्यापार मंडल अध्यक्ष महिंद्र पटियाल ने कहा कि आगामी श्री मणिमहेश यात्रा के दौरान बाजार में श्रद्धालुओं और बाहरी लोगों की आवाजाही काफी बढ़ जाती है, जिससे इस तरह की आपराधिक घटनाओं की आशंका और गहरा जाती है। उन्होंने सभी व्यापारियों से अपने दुकानों व प्रतिष्ठानों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने तथा बाहरी व संदिग्ध व्यक्तियों पर विशेष नजर रखने का आग्रह किया है।











