डेरा बाबा नानक से 10वीं का छात्र लापता, परिजनों ने जताई अपहरण की आशंका
डेरा बाबा नानक: सरहदी कस्बे डेरा बाबा नानक से एक बेहद चिंताजनक मामला सामने आया है, जहाँ 29 जुलाई को रोजाना की तरह घर से स्कूल पढ़ने गया 10वीं कक्षा का 14 वर्षीय छात्र संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया।
लापता छात्र की पहचान जसकरण पुत्र गुरदीप सिंह, निवासी मोहल्ला फतेह सिंह, डेरा बाबा नानक के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, जसकरण रोजाना की तरह सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल, डेरा बाबा नानक गया था, लेकिन शाम तक घर वापस नहीं लौटा। जब स्वजनों ने उसकी तलाश शुरू की, तो उसका बैग स्कूल परिसर से ही बरामद हुआ।
परिजनों ने उठाए सुरक्षा पर सवाल
छात्र की दादी अमरजीत कौर और मामा ने स्कूल प्रशासन की लापरवाही और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं। स्वजनों का कहना है कि स्कूल समय के दौरान ही बच्चा गायब हुआ है। कुछ अन्य बच्चों द्वारा यह बात सामने आई है कि कोई व्यक्ति छात्र के पिता का नाम लेकर उसे साथ ले गया है।
लापता छात्र के मामा ने बताया कि जसकरण के पिता पिछले करीब 4 वर्षों से गायब/फरार हैं। ऐसे में परिजनों ने आशंका जताई है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने बच्चे को बहला-फुसलाकर उसका अपहरण किया है। स्वजनों ने यह भी आरोप लगाया कि स्कूल में सीसीटीवी कैमरे बंद पड़े हैं और कोई पुख्ता सुरक्षा गार्ड तैनात नहीं है।
पुलिस ने दर्ज किया मामला, जांच जारी
घटना की सूचना मिलते ही डेरा बाबा नानक पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू की। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, छात्र की दादी अमरजीत कौर की शिकायत पर मामला दर्ज (FIR No. 168/26) कर लिया गया है।
पुलिस आसपास के इलाकों के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। अधिकारियों का कहना है कि पुलिस टीमें गठित कर दी गई हैं और जल्द ही बच्चे को सुरक्षित ढूंढ निकालकर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, पीड़ित परिवार ने प्रशासन से बच्चे की जल्द से जल्द तलाश करने की गुहार लगाई है।












