पठानकोट में बम धमाके की धमकी भरा ई-मेल, सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर
पठानकोट नगर निगम, आर्मी स्टेशन और स्कूलों को उड़ाने की चेतावनी; ‘खालिस्तान नेशनल आर्मी’ के नाम से आया संदेश
पठानकोट नगर निगम (MC) के कमिश्नर की आधिकारिक ई-मेल आईडी पर मिले एक धमकी भरे खत से सोमवार सुबह प्रशासनिक और सुरक्षा हलकों में हड़कंप मच गया। ई-मेल में नगर निगम कार्यालय, आर्मी स्टेशनों और कैंट स्थित आर्मी स्कूलों में आईईडी (IED) बम धमाके करने की सीधी धमकी दी गई है।
यह ई-मेल fabibows16@gmail.com से ‘खालिस्तान नेशनल आर्मी’ नामक संगठन के नाम पर भेजा गया है, जिसमें 15 अगस्त से पहले आर्मी बेस और स्कूल खाली करने की चेतावनी दी गई है।
धमकी में धमाकों की समय-सारणी
सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार, ई-मेल में अलग-अलग समय पर धमाके करने का दावा किया गया है:
- कमिश्नर कार्यालय, पठानकोट: दोपहर 3:11 बजे
- पठानकोट आर्मी स्कूल: दोपहर 1:11 बजे
- आर्मी स्टेशन/कैंट एरिया: रात 9:11 बजे
ई-मेल की मुख्य बातें और चेतावनी
- 15 अगस्त और सिखों का स्वतंत्रता दिवस: ई-मेल में लिखा गया है कि 15 अगस्त सिखों का आजादी दिवस नहीं है। इसमें जून 1984 के दरबार साहिब हमले, नवंबर 1984 के सिख दंगों और कथित झूठे पुलिस मुठभेड़ों का बदला 15 अगस्त से शुरू करने की बात कही गई है।
- आर्मी स्टेशन खाली करने का अल्टीमेटम: खत में कहा गया है कि 15 अगस्त 2026 तक सेना के जवान अपने परिवारों को बचा लें और आर्मी स्टेशनों व कैंट एरिया को छोड़ दें, वरना 2026-2027 के दौरान आर्मी स्टेशनों व स्कूलों को बम धमाकों से उड़ा दिया जाएगा।
- नेताओं पर हमले की धमकी: ई-मेल में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू को निशाना बनाने का जिक्र है।
- ई-मेल भेजने वालों के नाम: संदेश के अंत में ‘खालिस्तान नेशनल आर्मी’ का जिक्र करते हुए इंजीनियर गुरनाख सिंह (रुकन शाहवाला) और डॉ. गुरनिरवैर सिंह (खान राजादा) के नाम लिखे गए हैं।
सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट, आईपी एड्रेस की जांच शुरू
धमकी भरा ई-मेल प्राप्त होते ही नगर निगम अधिकारियों ने तुरंत इसकी सूचना पठानकोट पुलिस और उच्च सुरक्षा अधिकारियों को दी।
पुलिस के साइबर सेल ने ई-मेल के आईपी एड्रेस (IP Address) की जांच शुरू कर दी है। एहतियात के तौर पर पठानकोट नगर निगम दफ्तर, आर्मी स्कूलों और शहर के संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है तथा चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।












