चंबा में बड़ा हादसा: मिंजर देखकर लौट रहे युवकों की बाइक साल नदी में गिरी, 17 वर्षीय शुभम रेस्क्यू, 19 वर्षीय सक्षम लापता
जितेंद्र मेहरा, चंबा: जिला चंबा में हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। पिछले एक महीने में करीब आधा दर्जन से अधिक सड़क दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, जिनमें एक दर्जन से ज्यादा लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। हादसों के इसी खौफनाक दौर के बीच बीती रात एक और दर्दनाक हादसा सामने आया, जब मिंजर मेला देखकर लौट रहे दो कॉलेज छात्रों की बाइक हादसे का शिकार हो गई।
500 फुट गहरी खाई से साल नदी में गिरे युवक
प्राप्त जानकारी के अनुसार हादसा बीती रात करीब 11 बजे चंबा-साहू मार्ग पर ITI के पास पेश आया। मिंजर मेले से अपने घर सरू (चंबा) लौट रहे दो युवाओं की बाइक अचानक अनियंत्रित होकर करीब 500 फुट गहरी खाई में लुढ़कते हुए सीधे उफनती साल नदी में जा गिरी।
शुभम को सुरक्षित निकाला, अस्पताल में भर्ती
हादसे की सूचना मिलते ही रेस्क्यू टीमें मौके पर पहुंचीं। नदी किनारे से 17 वर्षीय शुभम को गंभीर हालत में सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और तुरंत इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया। हालांकि, हादसे में बाइक सवार 19 वर्षीय सक्षम नदी के तेज बहाव में लापता हो गया, जिसकी तलाश जारी है। दोनों युवक सरू (चंबा) के निवासी बताए जा रहे हैं और स्थानीय कॉलेज में पढ़ाई करते हैं।
NDRF, पुलिस और होमगार्ड का संयुक्त सर्च ऑपरेशन
घटना के बाद से ही मौके पर स्थिति तनावपूर्ण है। लापता सक्षम की तलाश के लिए NDRF, चंबा पुलिस, फायर ब्रिगेड और हिमाचल होमगार्ड की टीमें संयुक्त रूप से बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन चला रही हैं। नदी के तेज बहाव के बीच टीमों द्वारा लगातार चप्पा-चप्पा छाना जा रहा है।












